उत्तराखंडटॉप न्यूज़ट्रेंडिंगदेहरादून

राष्ट्रपति मुर्मू का उत्तराखंडवासियों को जन्मदिन का तोहफ़ा: देहरादून में बनेगा अत्याधुनिक सार्वजनिक पार्क

राष्ट्रपति निकेतन परिसर में रखीं 132 एकड़ में बनने वाले पार्क की आधारशिला | योग दिवस पर करेंगी प्रतिभाग | शिव मंदिर में करेंगी दर्शन

जन एक्सप्रेस देहरादून, संवाददाता। देश की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू इस बार अपना जन्मदिन उत्तराखंड की देवभूमि में मना रही हैं। गुरुवार शाम जौलीग्रांट एयरपोर्ट पहुंचीं राष्ट्रपति ने राजपुर रोड स्थित राष्ट्रपति निकेतन में प्रवास किया। अपने जन्मदिवस के अवसर पर उन्होंने राज्यवासियों को एक खास तोहफ़ा देते हुए 132 एकड़ भूमि में विकसित होने वाले अत्याधुनिक सार्वजनिक पार्क की आधारशिला रखी।

योग दिवस पर पुलिस लाइन में करेंगी योग

21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर राष्ट्रपति पुलिस लाइन मैदान में आयोजित योग कार्यक्रम में हिस्सा लेंगी। यह कार्यक्रम हजारों योग प्रेमियों की उपस्थिति में आयोजित होगा, जिसमें राष्ट्रपति का संबोधन भी अपेक्षित है।

शिव मंदिर में करेंगी पूजा-अर्चना

राष्ट्रपति मुर्मू शुक्रवार को राजपुर रोड स्थित प्राचीन शिव मंदिर में पूजा-अर्चना करेंगी। इसके बाद वे नेशनल इंस्टीट्यूट फॉर इम्पॉवरमेंट ऑफ पर्सन विद विजुअल डिसएबिलिटीज (NIEPVD) में आयोजित एक विशेष कार्यक्रम में भी भाग लेंगी।

तीन दिवसीय दौरे में कई योजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन

राष्ट्रपति का यह तीन दिवसीय उत्तराखंड दौरा विकास योजनाओं के दृष्टिकोण से बेहद अहम है। वे विभिन्न परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगी। उनके साथ राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेनि) और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी मौजूद रहे।

सुरक्षा के कड़े इंतजाम, पिछली चूक से सबक

राज्य पुलिस इस बार सुरक्षा को लेकर पूर्ण सतर्कता बरत रही है। एसएसपी अजय सिंह ने बताया कि पिछले दौरे के समय हुई डकैती की घटना से सबक लेते हुए पूरे राजपुर रोड क्षेत्र में अतिरिक्त पुलिस बल, कड़ी निगरानी, और वाहनों की सघन चेकिंग की जा रही है।

राजपुर रोड पर धारा-163 लागू, ध्वनि सीमा 40 डेसिबल

अपर जिलाधिकारी जय भारत सिंह ने बताया कि राष्ट्रपति के आगमन के चलते राजपुर रोड पर धारा-163 लागू की गई है। ध्वनि का स्तर 40 डेसिबल से अधिक नहीं हो सकेगा। साथ ही, इलाके के बार व ठेके रात 10 बजे तक ही खुले रहेंगे। यह आदेश राष्ट्रपति की वापसी (21 जून) के एक घंटे बाद तक प्रभावी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button