बाढग़्रस्त व सेमग्रस्त इलाके की मांगों को लेकर डीसी दफ्तर पर प्रदर्शन

फतेहाबाद। बाढग़्रस्त और सेमग्रस्त प्रभावित इलाके के किसानों, मजदूरों की मांगों को लेकर संयुक्त किसान मजदूर मोर्चा द्वारा बुधवार को डीसी दफ्तर पर प्रदर्शन किया गया। अपने 20 सूत्रीय मांगों के समाधान के लिए किए गए प्रदर्शन में काफी संख्या में किसानों और मजदूरों ने भाग लिया और सरकार के खिलाफ नारेबाजी कर रोष जताया।
संयुक्त किसान मोर्चा ने सरकार से बाढ़ग्रस्त और सेमग्रस्त पीड़ितों की समस्याओं का तुरंत समाधान करने की मांग की। कार्यक्रम की अध्यक्षता निर्भय सिंह रतिया, रामकुमार बहबलपुरिया, लाभ सिंह टोहाना, सुखविंद्र सिंह रतिया एवं विष्णु दत्त शर्मा ने संयुक्त रूप से की तथा संचालन संयुक्त किसान मोर्चा के जिला संयोजक जगतार सिंह, मास्टर राजेन्द्र प्रसाद बाटूए एवं अमन रतिया ने किया।
प्रदर्शनकारियों को संबोधित करते हुए किसान मजदूर नेताओं ने कहा कि एक महीने से फतेहाबाद का आधा हिस्सा भयंकर रूप से बाढ़ की चपेट में है जबकि भट्टू का इलाका सेम की चपेट में है। हजारों एकड़ जमीन में अभी भी बाढ़ का पानी खड़ा हुआ है।