मीनाक्षी लेखी ने “श्री रामायण यात्रा” भारत गौरव डीलक्स एसी पर्यटक ट्रेन को सफदरजंग से झंडी दिखाकर किया रवाना

नई दिल्ली। विदेश और संस्कृति राज्य मंत्री मीनाक्षी लेखी ने शुक्रवार को भारत गौरव डीलक्स एसी टूरिस्ट ट्रेन “श्री रामायण यात्रा” को दिल्ली सफदरजंग रेलवे स्टेशन से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
इस अवसर पर उत्तर रेलवे के महाप्रबंधक शोभन चौधुरी, आईआरसीटीसी की मुख्य प्रबंध निदेशक रजनी हसीजा, दिल्ली मंडल के मंडल रेल प्रबंधक डिम्पी गर्ग और अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित थे।
इस अवसर पर मीनाक्षी लेखी ने कहा कि यह टूरिस्ट ट्रेन भगवान श्री राम के जीवन से जुड़े प्रमुख पवित्र स्थानों के दर्शन करायेगी और वास्तव में यह भारत की ‘’एक भारत श्रेष्ठ भारत’’ अवधारणा को पूरा करती है।
“श्री रामायण यात्रा” थीम पर आधारित यह भारत गौरव डीलक्स एसी टूरिस्ट ट्रेन रेलगाड़ी दिल्ली सफदरजंग रेलवे स्टेशन से प्रस्थान करके 17 रातों और 18 दिनों की यात्रा में रामायण सर्किट पर भगवान राम के जीवन से जुड़े प्रमुख पवित्र स्थानों को कवर करेगी । रेलवे श्रीलंका में रामायण मार्ग की एक वैकल्पिक यात्रा भी प्रदान करता है।
दिल्ली सफदरजंग रेलवे स्टेशन से अपनी यात्रा शुरू करने के पश्चात भारत गौरव डीलक्स एसी टूरिस्ट ट्रेन “श्री रामायण यात्रा” पर अयोध्या (राम जन्मभूमि मंदिर, हनुमान गढ़ी, सरयूघाट), नंदीग्राम (भरत-हनुमान मंदिर और भरतकुंड), जनकपुर (राम जानकी मंदिर), सीतामढ़ी, जानकी मंदिर और पुनौराधाम), बक्सर (राम रेखा घाट, रामेश्वरनाथ मंदिर), वाराणसी (तुलसी मानस मंदिर, संकट मोचन मंदिर, विश्वनाथ मंदिर और गंगा आरती), सीता समाहित-स्थल, सीतामढ़ी (सीता माता मंदिर), प्रयागराज (भारद्वाज आश्रम, गंगा-यमुना संगम, हनुमान मंदिर), श्रृंगवेरपुर (श्रृंगी ऋषि समाधि और शांता देवी मंदिर, रामचौरा), चित्रकूट (गुप्त गोदावरी, राम घाट, सती अनुसूइया मंदिर), नासिक (त्रयंबकेश्वर मंदिर, पंचवटी, सीतागुफा, कालाराम मंदिर), हम्पी (अंजनाद्री पहाड़ी, विरुपाक्ष मंदिर और विठ्ठल मंदिर), बी रामेश्वरम (रामनाथस्वामी मंदिर और धनुषकोडी), भद्राचलम (श्री सीता रामचंद्रस्वामी मंदिर, अंजनेयस्वामी मंदिर) और नागपुर (रामटेक किला और मंदिर) होते हुए वापस दिल्ली सफदरजंग पहुंचेगी।
प्रथम वातानुकूलित और वातानुकूलित-2 टीयर के डिब्बों वाली इस “श्री रामायण यात्रा” पर्यटक ट्रेन में कुल 120 पर्यटक यात्रा कर सकते हैं । इस पर्यटक ट्रेन में पैंट्री कोच की सुविधा भी है, जो यात्रियों को शाकाहारी भोजन परोसेगी। इसके साथ ही पर्यटक इंफोटेनमेंट सिस्टम, सीसीटीवी कैमरा सुरक्षा आदि की भी व्यवस्था है। पर्यटक इस ट्रेन में दिल्ली सफदरजंग, गाजियाबाद, अलीगढ़, टूंडला, इटावा, कानपुर और लखनऊ स्टेशन पर भी सवार हो सकते हैं और वीरांगना लक्ष्मी बाई, ग्वालियर, आगरा और मथुरा स्टेशन पर उतर सकते हैं।
भारत गौरव टूरिस्ट ट्रेन की शुरुआत घरेलू पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए भारत सरकार की पहल “एक भारत श्रेष्ठ भारत” और “देखो अपना देश” के अनुरूप है।






