देश

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपनी गारंटियों का किया जिक्र

राजस्थान : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रविवार को राजस्थान के जालौर पहुंचे, जहाँ उन्होंने विजय शंखनाद रैली को संबोधित किया। इस दौरान पीएम मोदी ने ‘फिर एक बार मोदी सरकार’ का अपना नारा दोहराया। इसी के साथ उन्होंने कांग्रेस पार्टी पर भी जमकर निशाना साधा। बता दें, राजस्थान की जालौर लोकसभा सीट पर 26 अप्रैल को मतदान होने हैं। इस बार भाजपा ने इस सीट से लुम्बाराम चौधरी को मैदान में उतारा है।

जालौर में विजय शंखनाद रैली को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा, ‘भाजपा और जालोर सिरोही की रिश्ता बहुत खास है। आपने हर बार भाजपा को भरपूर आशीर्वाद दिया है। इस बार भी जालोर सिरोही यही कह रहा है- फिर एक बार मोदी सरकार।’ उन्होंने आगे पहले चरण के मतदान का जिक्र करते हुए कहा, ‘पहले चरण के मतदान में आधे राजस्थान ने कांग्रेस को बराबर की सजा दी है। राष्ट्रभक्ति से ओत-प्रोत राजस्थान ये जानता है कि कांग्रेस कभी भी मजबूत भारत बना ही नहीं सकती। देश को ऐसी कांग्रेस सरकार नहीं चाहिए। देश को 2014 के पहले जो हालात थे, वो हालात दोबारा नहीं चाहिए।
कांग्रेस पर निशाना साधते हुए पीएम मोदी ने कहा, ‘कांग्रेस की कमजोर सरकार को आते-जाते लोग भी धमकाते थे, हर कोई देश को लूटने में जुटा था। प्रधानमंत्री को तो कोई पूछता ही नहीं था, सरकार रिमोट कंट्रोल से चला करती थी। कैबिनेट से पास हुए अध्यादेश को उनकी पार्टी के ही एक नेता मीडिया की मीटिंग बुला कर फाड़ कर फेंक देते हैं। अस्थिरता की प्रतीक कांग्रेस पार्टी और उनका कुनबा, देश को चला सकता है क्या?’

पीएम ने आगे कहा, ‘आज कांग्रेस पार्टी की जो हालत हुई है, उसकी गुनहगार वो खुद है। कांग्रेस ने देश पर 60 वर्षों तक राज किया। इसी कांग्रेस ने हमारी माताओं बहनों को शौचालय, गैस, बिजली, पानी, बैंक अकाउंट जैसी छोटी-छोटी चीजों के लिए तरसाया। इसी कांग्रेस ने परिवारवाद और भ्रष्टाचार का दीमक फैलाकर देश को खोखला कर दिया। इन्हीं पापों की सजा देश उनको दे रहा है।’ उन्होंने कहा, ‘जिस पार्टी के कभी 400 सांसद जीते थे, आज वो 300 सीट पर चुनाव नहीं लड़ पा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button