देश

चक्रवात के प्रभाव से बंगाल के तटीय क्षेत्रों में रात भर होती रही बारिश

कोलकाता । बंगाल की खाड़ी में उठे चक्रवाती तूफान मोचा के प्रभाव से पश्चिम बंगाल के तटीय क्षेत्रों में लगातार बारिश होती रही है। इसकी वजह से एक बार फिर पारा लुढ़का है। मौसम विभाग की ओर से मंगलवार सुबह जारी बयान में बताया गया है कि पिछले 24 घंटे के दौरान कोलकाता में 15.2 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई है। इसकी वजह से न्यूनतम तापमान गिरकर 22.1 डिग्री सेल्सियस पर जा पहुंचा जो सामान्य से पांच डिग्री कम है। एक दिन पहले रिकॉर्डेड अधिकतम तापमान 36.7 डिग्री सेल्सियस था जो आज और कम रहेगा। दरअसल सोमवार देर शाम चक्रवात के प्रभाव से कोलकाता के साथ ही हावड़ा, हुगली, उत्तर और दक्षिण 24 परगना, पूर्व और पश्चिम मेदिनीपुर तथा पूर्व और पश्चिम बर्दवान में तेज आंधी तूफान के साथ भारी बारिश हुई है। 84 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चली थीं जिसकी वजह से सैकड़ों पेड़ गिरे हैं।

इसके साथ ही भारी बारिश की वजह से कई जगहों पर जलजमाव की स्थिति है। कोलकाता में पेड़ आदि गिरने से छह लोग घायल हो गए जबकि बांकुड़ा, बर्दवान और अन्य जिलों में भी लोगों के घायल होने की सूचना है। उत्तर 24 परगना में रेलवे पटरियों और ओवरहेड पर पेड़ गिरने की वजह से लोकल ट्रेनों की आवाजाही रात आठ बजे से ही थम गई थी जो सुबह तक प्रभावित है। कोलकाता के अलीपुर, लेक गार्डेंस, मैदान इलाके में भी सड़कों पर पेड़ गिर गए थे जिन्हें काटकर मंगलवार सुबह तक हटाया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button