उत्तर प्रदेशप्रतापगढ़

खराब नेटवर्क से कैसे हो पायेगा “डिजिटल इंडिया” का सपना साकार

कॉल ड्रॉप और स्लो इंटरनेट की समस्या से जूझ रहे उपभोक्ता

जन एक्सप्रेस /प्रतापगढ़: जिले के नगर पंचायत कोहड़ौर समेत आसपास के क्षेत्रों में पिछले कई दिनों से मोबाइल नेटवर्क की गंभीर समस्या बनी हुई है। महंगे रिचार्ज कराने के बावजूद उपभोक्ताओं को जियो, एयरटेल और बीएसएनएल सहित किसी भी प्रमुख दूरसंचार कंपनी का सही सिग्नल नहीं मिल पा रहा है। हालांकि ज्यादातर समस्या जिओ नेटवर्क वालों को हो रही है। उपभोक्ताओं के अनुसार कॉल ड्रॉप, आवाज टूटना और स्लो इंटरनेट की समस्या आम बात हो गई है। एक ओर जहां सरकार ‘डिजिटल इंडिया’ के बड़े-बड़े दावे कर रही है, वहीं कोहड़ौर समेत आसपास के क्षेत्रों में टेलीकॉम कंपनियों के नेटवर्क की खराब स्थिति इन दावों की पोल खोल रही है। देखा जाय तो नगर पंचायत में कई टेलीकॉम कम्पनियों के टावर लगे हुए हैं लेकिन नेटवर्क के नाम पर सब शून्य है। बिजली गुल होते ही नेटवर्क और ज्यादा खराब हो जाता है। लोगों का कहना है कि जब फोन पर बात की जाती है तो आवाज ही नहीं आती जो बात एक मिनट में होनी चाहिए उसके लिए चार से पांच बार फोन करना पड़ता है। नेटवर्क खराब होने के कारण ऑनलाइन पढ़ाई करने वाले विद्यार्थियों को भी भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। मोबाइल नेटवर्क की खराब क्वालिटी ( कॉल ड्रॉप, वॉइस ब्रेकअप, स्लो इंटरनेट ) से लोग बहुत परेशान हैं। घटिया नेटवर्क बैंकिंग, डिजिटल पेमेंट और अपनों से जुड़ने में दिक्कत पैदा कर रहा है। उपभोक्ता कभी अपने फोन को रीस्टार्ट करते हैं तो कभी सिम बदलकर नेटवर्क सुधारने का प्रयास करते अक्सर देखे जा रहे हैं। सबसे बड़ी समस्या उपभोक्ताओं को ये है कि आखिर इस समस्या की शिकायत किससे की जाय। सत्यप्रकाश पाठक, सन्तोष दूबे, किशन सोनी, सुरेश दूबे, श्रीप्रकाश दूबे, देवानंद पाठक, सूरेश पाठक, राजेन्द्र शुक्ला, गुड्डु दूबे, बृजेश शुक्ल, श्रीधर समेत काफी संख्या में लोगों ने इस समस्या के शीघ्र समाधान की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button