सेवइयां खाने से हुई चार मौतों पर परिवार को 8 लाख की सहायता देगी हरियाणा सरकार

चंडीगढ़ । हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने नूंह जिला के रानिका गांव में सेवइयां खाने से एक ही परिवार के 4 सदस्यों की मौत पर गहरा दु:ख प्रकट किया। उन्होंने कहा कि सरकार दु:ख की इस घड़ी में परिवार के साथ खड़ी है। मुख्यमंत्री ने इस परिवार को सरकार की तरफ से 8 लाख रुपए की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि अन्य सदस्यों का अस्पताल में इलाज करवाया जा रहा है।
मुख्यमंत्री मंगलवार को नूंह जिला के फिरोजपुर झिरका में राज्य स्तरीय उद्घाटन व शिलान्यास कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। मनोहर लाल ने कहा कि पहले की सरकारों ने विकास की गाड़ी को अपने-अपने जिलों तक थाम रखा था। भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनने के बाद विकास की गाड़ी मेवात क्षेत्र से शुरू होती है। उन्होंने कहा कि हमने सबका साथ-सबका विश्वास के संकल्प के साथ इस क्षेत्र के लिए चंडीगढ़ की दूरी कम की। पूरे प्रदेश में सड़कों का जाल बिछाया जा रहा है।
दिल्ली-मुंबई हाईवे के निर्माण के बाद इस इलाके की तस्वीर बदल रही है। आने वाले समय में यह क्षेत्र इन्वेस्टमेंट का नया केंद्र बनेगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश विकास की नई ऊंचाईयों को छू रहा है। मनोहर लाल ने कहा कि पूर्व की सरकारें इस जिले को वोट बैंक मानकर राजनीति करती रही। इन्होंने चालाकी से एक काम और किया है जो आपको और हमको समझना पड़ेगा। इन लोगों में सत्ता की इतनी भूख है कि झूठ बोल-बोल कर भारतीय जनता पार्टी और आप लोगों के बीच में खाई पैदा करने का काम किया है।
लोगों को डरा कर रखा है कि बीजेपी आएगी तो मुसलमानों को तंग करेगी। देश भक्ति का मतलब जो देश के लिए सोचेगा हम उसके साथ खड़े हैं, जो देश के विरोध में सोचेगा चाहे फिर वह किसी भी जाति का हो, देश के खिलाफ सोचने वाला देश का दुश्मन है। मुख्यमंत्री ने कहा कि किसी भी समाज को आगे बढ़ने के लिए शिक्षा और स्वास्थ्य पहली जरूरत होती है और इन दोनों ही क्षेत्रों में मेवात के इलाके के लिए बहुत कार्य हुए हैं। उन्होंने कहा कि सरकार का प्रयास है कि मदरसों में पढ़ने वाले बच्चे भी मुख्यधारा की शिक्षा ग्रहण करें। मजहबी तालीम ठीक है, लेकिन इसके साथ-साथ शिक्षा पर फोकस करना जरूरी है।






