भाजपा की ‘कमल मित्र’ बनेगी हर महिला की सहेली : गीता शाक्य

लखनऊ। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) महिला मोर्चा केंद्र सरकार द्वारा चलाई जा रही योजनाओं का ज्यादा से ज्यादा लाभ जनता तक पहुंचाने के लिए महिला संदेशवाहक के रूप में ‘कमल मित्र’ बनाएगी।
महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष गीता शाक्य ने बताया कि महिला मोर्चा राष्ट्रीय अध्यक्ष वनाथि श्रीनिवासन शुक्रवार को वर्चुअल माध्यम से ‘कमल मित्र’ कार्यक्रम का उद्घाटन करेंगी। इसके जरिए महिला मोर्चा की कार्यकर्ता महिलाओं को ‘कमल मित्र’ बनाएगी। यह कार्यक्रम लखनऊ में 19 मई को प्रदेश कार्यालय पर प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह व संगठन महामंत्री धर्मपाल की उपस्थिति में किया जाएगा।
सरकार की योजनाओं का प्रचार करेंगी महिलाएं
भाजपा महिला कार्यकर्ता 15 योजनाओं पर 90 मिनट के सत्र के साथ हिंदी, तमिल, तेलुगू, कन्नड़, मलयालम, ओड़िया, गुजराती, मराठी और बंगाली में ऑनलाइन प्रशिक्षण प्राप्त कर सरकार द्वारा चलाई जा रही योजनाओं को अधिक से अधिक महिलाओं तक पहुंचाने का कार्य करेंगी।
महिला मोर्चा की प्रदेश मीडिया प्रभारी चेतना पाण्डेय ने बताया कि महिला कार्यकर्ता केंद्र सरकार की योजनाओं का प्रचार महिलाओं के बीच करेंगी। इसके तहत केन्द्र की उज्जवला योजना, पीएम जन धन योजना, पीएम सुरक्षा बीमा योजना और पीएम जन आरोग्य योजना सहित मोदी सरकार की करीब 15 प्रमुख योजनाओं से आम जनता को अधिक लाभान्वित कर सकेंगे। इस कार्यक्रम में व्यक्ति की पात्रता योजना के लिए मुख्य दस्तावेज व किन ऑनलाइन वेबसाइट पर व्यक्ति को आवेदन करना है की पूर्ण जानकारी दी जाएगी।






