प्रतापगढ़ में अधिवक्ता पर जानलेवा हमला, फायर मिस होने से बची जान
नकाबपोश बाइक सवारों ने दौड़ाकर मारी गोली, घटना CCTV में कैद, वकीलों में आक्रोश

जन एक्सप्रेस प्रतापगढ़। शहर में गुरुवार शाम उस वक्त सनसनी फैल गई जब देल्हूपुर निवासी अधिवक्ता सर्वजीत सिंह पर बाइक सवार दो नकाबपोश युवकों ने जानलेवा हमला किया। अधिवक्ता को दौड़ाकर गोली मारी गई, लेकिन फायर मिस हो जाने से वह बाल-बाल बच गए। हमलावरों की यह पूरी करतूत पास के CCTV कैमरे में कैद हो गई है। घटना के बाद मौके पर पहुंचे अन्य अधिवक्ताओं ने भारी आक्रोश जताया।
जानकारी के मुताबिक, सर्वजीत सिंह शाम करीब सात बजे जोगापुर स्थित अपने घर की ओर जा रहे थे, तभी सैयाबान के पास दो संदिग्ध युवकों ने उन्हें रोका और तमंचा निकाल लिया। जान बचाने के लिए अधिवक्ता ने बाइक छोड़कर भागने की कोशिश की, लेकिन हमलावरों ने पीछा कर गोली चला दी। गोली मिस हो गई और अधिवक्ता गिर पड़े। इसी दौरान उन्होंने एक हमलावर को धक्का दिया और आसपास के लोगों के पहुंचने पर हमलावर मौके से फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही भंगवा चुंगी चौकी इंचार्ज अंकित श्रीवास्तव, शहर कोतवाल नीरज यादव और सीओ सिटी ट्रेनी आईपीएस प्रशांत राज मौके पर पहुंचे। पुलिस ने CCTV फुटेज कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। जूनियर बार एसोसिएशन के महामंत्री विवेक त्रिपाठी समेत कई अधिवक्ताओं ने घटना को लेकर नाराजगी जाहिर की और पुलिस से तत्काल गिरफ्तारी की मांग की। प्रारंभिक जांच में गांव की पुरानी रंजिश की बात सामने आ रही है।






