
जन एक्सप्रेस / नई टिहरी: उत्तराखंड के वन, पर्यावरण, विधायी एवं संसदीय कार्य, निर्वाचन, चिकित्सा स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा मंत्री सुबोध उनियाल ने विकासखंड नरेंद्रनगर के ग्राम थान एवं डाबरखाल का भ्रमण कर ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान उन्होंने क्षेत्र के विकास, कृषि को बढ़ावा देने और स्थानीय उत्पादों के विपणन पर विशेष जोर दिया।
मंत्री सुबोध उनियाल ने क्षेत्रवासियों से अपनी भूमि से जुड़े रहने और अधिक से अधिक खेती करने का आह्वान करते हुए कहा कि कृषि केवल आजीविका का साधन नहीं, बल्कि उत्तराखंड की समृद्ध परंपरा और आत्मनिर्भरता की मजबूत नींव है। उन्होंने क्षेत्र में विभिन्न जनहित एवं लघु विकास कार्यों के लिए विधायक निधि से 13 लाख रुपये की धनराशि देने की घोषणा भी की।
इस अवसर पर मंत्री ने नरेंद्रनगर-टिहरी हाईवे स्थित ग्राम थान बिड़ोन में स्थापित 3के जैविक आउटलेट का विधिवत उद्घाटन किया। आउटलेट का निरीक्षण करते हुए उन्होंने वहां उपलब्ध पहाड़ी दालें, मसाले, जूस और अन्य जैविक उत्पादों का अवलोकन किया।
मंत्री ने महिला स्वयं सहायता समूहों को निर्देश दिए कि उत्पादों की गुणवत्ता के साथ-साथ उनकी पैकेजिंग आकर्षक, आधुनिक और बाजार की मांग के अनुरूप होनी चाहिए, ताकि स्थानीय जैविक उत्पादों की बेहतर ब्रांडिंग हो सके और किसानों व महिला समूहों को अधिक लाभ मिल सके। उन्होंने इस पहल की सराहना करते हुए महिला समूहों को शुभकामनाएं भी दीं।
मुख्य कृषि अधिकारी विजय देवराड़ी ने बताया कि इस जैविक आउटलेट की स्थापना ग्रामीण किसानों और महिला स्वयं सहायता समूहों द्वारा उत्पादित पारंपरिक पहाड़ी एवं जैविक उत्पादों के विपणन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से की गई है। इससे स्थानीय उत्पादों को स्थायी बाजार मिलेगा और उपभोक्ताओं को गुणवत्तापूर्ण एवं प्रमाणित जैविक उत्पाद उपलब्ध हो सकेंगे।
कार्यक्रम में ब्लॉक प्रमुख दीक्षा राणा, पूर्व ब्लॉक प्रमुख राजेंद्र भंडारी, पूर्व प्रधान कुलबीर चौहान तथा कृषि एवं ग्राम्य विकास विभाग के विकासखंड स्तरीय अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।






