
जन एक्सप्रेस /नई टिहरी :- उत्तराखंड के लोकपर्व हरेला पर टिहरी जनपद में विभिन्न स्थानों पर उत्साहपूर्वक वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किए गए। लोगों ने पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया। मुख्य कार्यक्रम जौनपुर क्षेत्र के ग्राम परोगी में आयोजित हुआ, जहां प्रदेश के कृषि एवं जनपद प्रभारी मंत्री गणेश जोशी ने ‘हर गांव का यही पैगाम, एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत पौधारोपण किया।
पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश
कृषि मंत्री गणेश जोशी ने स्थानीय लोगों के साथ पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इस अवसर पर उत्कृष्ट कार्य करने वाले कार्मिकों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित भी किया गया।
मंत्री ने प्रदेशवासियों को हरेला पर्व की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि हरेला उत्तराखंड की समृद्ध लोकसंस्कृति, प्रकृति के प्रति आस्था और पर्यावरण संरक्षण का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन बनाने के उद्देश्य से पूरे प्रदेश में व्यापक स्तर पर पौधारोपण अभियान चला रही है।
‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान पर जोर
गणेश जोशी ने कहा कि ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान लोगों को अपनी मातृशक्ति और प्रकृति, दोनों के प्रति सम्मान व्यक्त करने का अवसर देता है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के इस अभियान का उल्लेख करते हुए सभी नागरिकों से अपनी मां के सम्मान में एक पौधा लगाने की अपील की।
कार्यक्रम में अपर जिलाधिकारी शैलेन्द्र सिंह नेगी सहित बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे।
भिलंगना में बना ‘गुरु स्मृति वन’
विकासखंड भिलंगना में विधायक शक्ति लाल शाह और ब्लॉक प्रमुख राजीव कंडारी के नेतृत्व में हरेला पर्व मनाया गया। इस अवसर पर ‘गुरु स्मृति वन’ की स्थापना की गई। इस पहल की परिकल्पना ग्राम्य विकास मंत्री भरत चौधरी द्वारा की गई है।
कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों और अन्य अतिथियों ने ‘एक पेड़ मां के नाम’ तथा ‘एक पेड़ गुरु के नाम’ अभियान के तहत पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण के साथ गुरु-शिष्य परंपरा के सम्मान का संदेश दिया।
जनभागीदारी से मजबूत होगा हरित अभियान
हरेला पर्व के अवसर पर आयोजित इन कार्यक्रमों के माध्यम से लोगों से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनके संरक्षण की जिम्मेदारी निभाने का आह्वान किया गया। सरकार का उद्देश्य पौधारोपण को जनभागीदारी से जोड़कर पर्यावरण संरक्षण को स्थायी जनआंदोलन का रूप देना है।
संवाददाता : चंद्रप्रकाश बहुगुणा | जन एक्सप्रेस, नई टिहरी






