आगजनी प्रभावित आईजीएमसी के नए ओपीडी भवन का स्वास्थ्य मंत्री ने किया दौरा

शिमला । स्वास्थ्य मंत्री कर्नल धनी राम शांडिल ने शनिवार को आगजनी से प्रभावित आईजीएमसी के नए ओपीडी भवन का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों से आग लगने के कारणों को जाना। उन्होंने नए ओपीडी भवन में व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने के लिए फीडबैक लिया। मंत्री ने आगजनी के कारण विभिन्न प्रकार की बाधित सेवाओं को जल्द दुरुस्त करने के लिए उचित दिशा निर्देश भी जारी किए।
इस मौके पर उन्होंने आगजनी की घटना पर दुख जताते हुए कहा कि यह घटना अप्रत्याशित थी। घटना के बाद ओपीडी में आने वाले मरीजों के लिए व्यवस्था में बदलाव करना पड़ा है। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य विभाग जल्द व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए प्रयासरत है। मरीजों को पहले की तर्ज पर नए ओपीडी में इलाज की सुविधा मिले इसके लिए प्रयास किया जा रहा है। आगजनी के कारण विभिन्न मरम्मत कार्य पर स्वास्थ्य विभाग द्वारा तेजी से कार्य किया जा रहा है।






