लखनऊ मछली मंडी हादसा: पीपल का पेड़ गिरने से एक की मौत, चार घायल

जन एक्सप्रेस/लखनऊ: राजधानी लखनऊ के कैसरबाग क्षेत्र स्थित मछली मंडी में मंगलवार दोपहर बड़ा हादसा हो गया। मंडी के ऊपर स्थित एक विशालकाय पीपल का पेड़ अचानक गिर पड़ा। इसकी चपेट में पांच लोग आ गए, जिनमें से एक की मौत हो गई, जबकि चार लोग घायल हैं।
जानकारी के अनुसार, दोपहर करीब दो बजे लाला सोनकर के मकान में लगा भारी-भरकम पीपल का पेड़ अचानक मछली मंडी की ओर गिर पड़ा। उस समय मंडी में मौजूद जानकीपुरम निवासी रामू समेत अन्य चार लोग भाग नहीं पाए और दब गए। मौके पर पहुंची पुलिस और दमकल टीम ने राहत-बचाव कार्य शुरू किया और सभी को बाहर निकाला। हालांकि, 60 वर्षीय रामू को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना पर उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने घायलों का हालचाल बलरामपुर अस्पताल पहुंचकर लिया। थोड़ी देर बाद नगर महापौर सुषमा खर्कवाल भी घटनास्थल पर पहुंचीं। फिलहाल, घायलों को बलरामपुर अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां डॉक्टरों ने उन्हें खतरे से बाहर बताया है।
अस्पताल प्रशासन के मुताबिक, मृतक की पहचान त्रिवेणी नगर निवासी राम चरन के पुत्र रामू (60) के रूप में हुई है। वहीं घायलों में रिजवान (22), शोएब (22), अभिषेक (32) और मोहम्मद अरमान (30) शामिल हैं। सभी की हालत स्थिर है।






