utrakhand

उत्तरकाशी में ‘एक पेड़ माँ के नाम’ बना जनआंदोलन, विधायक से लेकर ITBP जवानों तक ने किया पौधारोपण

जन एक्सप्रेस /उत्तरकाशी :- उत्तराखंड के लोकपर्व हरेला ने इस बार उत्तरकाशी में पर्यावरण संरक्षण को जनभागीदारी के नए आयाम से जोड़ दिया। ‘हर गांव की यही पैगाम, एक पेड़ माँ के नाम’ थीम के तहत पूरे जिले में वृहद वृक्षारोपण अभियान चलाया गया, जिसमें जनप्रतिनिधियों, प्रशासन, सुरक्षा बलों, स्कूली बच्चों और हजारों नागरिकों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।

जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने किया अभियान का शुभारंभ

जिला मुख्यालय के नाल्ड (कम्पार्टमेंट संख्या-01, चींवा) में आयोजित मुख्य कार्यक्रम का शुभारंभ गंगोत्री विधायक सुरेश चौहान, दर्जा राज्यमंत्री प्रताप सिंह पंवार, नगर पालिका अध्यक्ष भूपेंद्र चौहान, भाजपा जिलाध्यक्ष नागेंद्र चौहान, जिलाधिकारी प्रशांत आर्य तथा पुलिस अधीक्षक कमलेश उपाध्याय ने संयुक्त रूप से पौधारोपण कर किया।

कार्यक्रम के दौरान स्कूली बच्चों के लिए ‘मेरा पेड़, मेरा भविष्य’ विषय पर चित्रकला प्रतियोगिता भी आयोजित की गई।

“हरेला केवल पर्व नहीं, जीवनशैली है”

विधायक सुरेश चौहान ने कहा कि हरेला केवल एक पारंपरिक पर्व नहीं बल्कि प्रकृति के साथ संतुलित जीवन जीने की प्रेरणा है। उन्होंने कहा कि ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान को हर घर तक पहुंचाना समय की आवश्यकता है।

वहीं जिलाधिकारी प्रशांत आर्य ने कहा कि हरेला संस्कृति और प्रकृति के अटूट रिश्ते का प्रतीक है। उन्होंने लोगों से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनके संरक्षण का संकल्प लेने की अपील करते हुए कहा कि वृक्षारोपण अब केवल आवश्यकता नहीं बल्कि प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है।

जनआंदोलन बना हरेला अभियान

इस वर्ष हरेला केवल सरकारी कार्यक्रम तक सीमित नहीं रहा, बल्कि जनआंदोलन का रूप लेता दिखाई दिया। अभियान में वन, कृषि, उद्यान, शिक्षा, सिंचाई, बाल विकास और आपदा प्रबंधन सहित 10 से अधिक विभागों ने सक्रिय भागीदारी निभाई।

इसके अलावा आईटीबीपी, सेना, पुलिस, एसडीआरएफ, एनडीआरएफ, होमगार्ड, पीआरडी, जनप्रतिनिधियों, सरकारी कर्मचारियों और हजारों स्थानीय नागरिकों ने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।

हजारों पौधों से बढ़ी हरियाली

अभियान के दौरान सावनी, आम, आंवला, जामुन, माल्टा, देवदार, बांज और नींबू जैसी फलदार एवं छायादार प्रजातियों के हजारों पौधे लगाए गए। प्रशासन ने सभी से पौधारोपण के साथ-साथ पौधों के संरक्षण की जिम्मेदारी निभाने की भी अपील की।

संवाददाता : चंद्रप्रकाश बहुगुणा | जन एक्सप्रेस, उत्तरकाशी

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button