अतुल्य वेल्फेयर ट्रस्ट ने शुरू की निःशुल्क ब्यूटी पार्लर प्रशिक्षण कार्यशाला
डोभी में आयोजित कार्यशाला में समाजसेविका पायल किन्नर ने किया उद्घाटन, प्रशिक्षिका सरोज गुप्ता देंगी प्रशिक्षण

जन एक्सप्रेस जौनपुर, डोभी।
महिलाओं और युवतियों को आत्मनिर्भर बनाने के संकल्प के साथ अतुल्य वेल्फेयर ट्रस्ट द्वारा निःशुल्क एक माह की ब्यूटी पार्लर प्रशिक्षण कार्यशाला का शुभारंभ निखार ब्यूटी पार्लर, खुर्जी मोड़, हिसामपुर रोड पर किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन समाजसेविका पायल किन्नर ने किया और इसे महिलाओं के सशक्तिकरण की दिशा में एक सराहनीय पहल बताया।उन्होंने कहा कि ऐसे प्रशिक्षण शिविर न केवल महिलाओं को स्वावलंबी बनाते हैं, बल्कि उनके आत्मविश्वास को भी सशक्त करते हैं। संस्थाध्यक्ष उर्वशी सिंह ने प्रशिक्षिका श्रीमती सरोज गुप्ता के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि युवतियों को इस तरह के प्रशिक्षण से भविष्य में रोजगार के बेहतर अवसर मिलेंगे।
बच्चियों में दिखा जबरदस्त उत्साह, हर सप्ताह होगी प्रतियोगिता
ट्रस्ट की संस्थापक दीक्षा सिंह ने बच्चियों के जोश और भागीदारी पर खुशी व्यक्त करते हुए कहा कि इस कार्यशाला से उनके व्यक्तित्व में सकारात्मक परिवर्तन आएगा। प्रशिक्षिका सरोज गुप्ता ने बताया कि प्रशिक्षण के दौरान हर सप्ताह प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा और उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली प्रतिभागियों को समापन समारोह में सम्मानित किया जाएगा। इससे सीखने की लगन और प्रतिस्पर्धा की भावना प्रबल होगी।इस मौके पर ट्रस्ट परिवार के सदस्य किरण किन्नर, बबली किन्नर, वंदना यादव, धरमू गुप्ता, शहजादी गुप्ता, दिनेश, उपेन्द्र, ट्रेनर डिंपल, खुशी, ज्योति समेत अनेक लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन और धन्यवाद ज्ञापन महासचिव राधिका सिंह द्वारा किया गया।






