हरदोई में एनएसडीए स्कूल में धूमधाम से मनाया गया मित्रता दिवस, बच्चों ने बांधे फ्रेंडशिप बैंड

संवाददाता: बीजी मिश्र, हरदोई
जन एक्सप्रेस /हरदोई :- पाली कस्बे स्थित एनएसडीए स्कूल में मित्रता दिवस उत्साह और उल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर विद्यालय परिसर रंग-बिरंगे फ्रेंडशिप बैंड और बच्चों की खुशियों से सराबोर नजर आया। विद्यार्थियों ने एक-दूसरे की कलाई पर फ्रेंडशिप बैंड बांधकर मित्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं और सच्ची दोस्ती का संदेश दिया।
विद्यालय में आयोजित विशेष कार्यक्रम में शिक्षकों ने विद्यार्थियों को मित्रता के महत्व के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि सच्चा मित्र जीवन के हर सुख-दुख में साथ खड़ा रहता है और आपसी विश्वास, सहयोग तथा सम्मान ही मजबूत दोस्ती की नींव होते हैं। बच्चों से अच्छे मित्र बनने और सकारात्मक संबंध बनाए रखने का आह्वान भी किया गया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने मित्रता पर आधारित गीत, कविताएं और लघु सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी दीं, जिन्हें सभी ने सराहा। पूरे विद्यालय में उत्सव का माहौल रहा और बच्चों ने अपने मित्रों के साथ यादगार पल साझा किए।
विद्यालय प्रबंधन ने कहा कि इस प्रकार के आयोजन विद्यार्थियों में सामाजिक मूल्यों, सहयोग की भावना और आपसी सौहार्द को बढ़ावा देते हैं। कार्यक्रम के अंत में सभी विद्यार्थियों ने हमेशा अच्छे मित्र बनने और एक-दूसरे की सहायता करने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर विद्यालय के संचालक एबी सिंह, प्रधानाचार्य जून डेविड तथा शिक्षक सुमन, गणेश, शिवम सहित विद्यालय का स्टाफ उपस्थित रहा।







