utrakhandउत्तरकाशीटिहरीटॉप न्यूज़

नई टिहरी के इणियां में ही बनेगा मेडिकल कॉलेज, सीएम धामी ने भरोसा दिया: विधायक किशोर उपाध्याय

जन एक्सप्रेस /नई टिहरी :- टिहरी के विधायक किशोर उपाध्याय ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने जनभावनाओं के अनुरूप नई टिहरी के इणियां में ही मेडिकल कॉलेज के निर्माण का भरोसा दिया है। उन्होंने उम्मीद जताई कि आगामी कैबिनेट बैठक में इस संबंध में निर्णय लिया जा सकता है। साथ ही बताया कि टिहरी मेडिकल कॉलेज निर्माण संयुक्त संघर्ष समिति का एक प्रतिनिधिमंडल भी मुख्यमंत्री से मुलाकात करेगा।

सोमवार को नई टिहरी स्थित अपने आवास पर पत्रकारों से बातचीत करते हुए विधायक किशोर उपाध्याय ने कहा कि वह वर्ष 1991 से टिहरी में मेडिकल कॉलेज की स्थापना के लिए प्रयासरत हैं। उन्होंने बताया कि वर्ष 2006 में तत्कालीन मुख्यमंत्री स्व. एन.डी. तिवारी के समक्ष कोटी कॉलोनी में मेडिकल कॉलेज निर्माण का प्रस्ताव रखा था, जबकि वर्ष 2011 में इस मांग को लेकर विधानसभा में धरना भी दिया था।

उन्होंने कहा कि वर्ष 2012 में तत्कालीन मुख्यमंत्री विजय बहुगुणा ने नई टिहरी में मेडिकल कॉलेज की घोषणा की थी। वर्ष 2022 में तीसरी बार विधायक बनने के बाद उन्होंने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के समक्ष अपनी दस प्राथमिकताओं में मेडिकल कॉलेज को पहला स्थान दिया।

विधायक के अनुसार, 14 जुलाई 2024 को केंद्रीय ऊर्जा मंत्री मनोहर लाल खट्टर ने उनके प्रस्ताव पर टीएचडीसी के माध्यम से इणियां में मेडिकल कॉलेज निर्माण को स्वीकृति दी थी, जिसके बाद राज्य सरकार ने इस प्रक्रिया को आगे बढ़ाया। उन्होंने बताया कि इणियां में भूमि से संबंधित सभी औपचारिकताएं पूरी हो चुकी हैं और कार्यदायी संस्था ब्रिज एंड रोप लिमिटेड द्वारा विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (DPR) भी तैयार कर ली गई है।

किशोर उपाध्याय ने कहा कि ऐसी स्थिति में मेडिकल कॉलेज के स्थान परिवर्तन की मांग उचित नहीं है। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री के समक्ष उन्होंने स्पष्ट रूप से टिहरी की जनभावनाओं का सम्मान करने का आग्रह किया है। साथ ही 31 जुलाई को नई टिहरी में हुए जनआंदोलन का स्वागत करते हुए कहा कि यह जनता की भावना का प्रतीक है।

उन्होंने यह भी कहा कि मेडिकल कॉलेज निर्माण के लिए टीएचडीसी के अतिरिक्त अन्य सार्वजनिक उपक्रमों (PSUs) से भी आर्थिक सहयोग प्राप्त करने के प्रयास किए जा रहे हैं और इस संबंध में विभिन्न स्तरों पर बातचीत हुई है।

इस अवसर पर विधायक प्रतिनिधि जयेंद्र पंवार, मीडिया प्रभारी राजेंद्र डोभाल तथा हरि सकलानी सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

रिपोर्ट :-  जोत सिंह

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button