utrakhandउत्तरकाशी

रुद्रप्रयाग में जनसुनवाई में 31 शिकायतें दर्ज, 14 का मौके पर निस्तारण, CDO ने दिए त्वरित कार्रवाई के निर्देश

जन एक्सप्रेस /रुद्रप्रयाग :- जिला कार्यालय सभागार में सोमवार को मुख्य विकास अधिकारी राजेंद्र सिंह रावत की अध्यक्षता में आयोजित जनसुनवाई में विभिन्न विभागों से संबंधित 31 शिकायतें दर्ज की गईं। इनमें से 14 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया, जबकि शेष मामलों को संबंधित विभागों को समयबद्ध कार्रवाई के लिए भेजा गया।

जनसुनवाई में ग्रामीणों ने प्रधानमंत्री आवास योजना, भू-धंसाव, सुरक्षा दीवार, विस्थापन, पेड़ों से खतरा और बारिश से हुए नुकसा जैसी समस्याओं को प्रमुखता से उठाया।

आगर गांव की पूनम देवी ने कच्चे मकान के कारण प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ दिलाने की मांग की। वहीं उरोली निवासी बृजमोहन काला ने अपने आवासीय भवन की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग रखी।

क्यूंजा गांव के विक्रम लाल ने भू-धंसाव के कारण मकान के आगे और पीछे सुरक्षा दीवार निर्माण की मांग की। रतूड़ा निवासी बबीता देवी ने रेलवे निर्माण कार्य से मकान क्षतिग्रस्त होने का हवाला देते हुए सुरक्षित स्थान पर विस्थापन की मांग की।

सतेराखाल के वीर सिंह ने मकान के ऊपर स्थित भीमल के पेड़ से संभावित खतरे को देखते हुए उसे हटाने की अनुमति मांगी। वहीं दरमोला निवासी विक्रम लाल ने 29 जुलाई की भारी बारिश के दौरान सड़क का पुश्ता ढहने से उनकी ठेली और सामान खाई में गिर जाने तथा आजीविका प्रभावित होने की शिकायत दर्ज कराई।

मुख्य विकास अधिकारी राजेंद्र सिंह रावत ने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनसुनवाई में प्राप्त शिकायतों का गंभीरता से संज्ञान लेते हुए निर्धारित समय सीमा के भीतर उनका निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।

बैठक के दौरान सीएम पोर्टल पर लंबित शिकायतों की भी समीक्षा की गई। अधिकारियों को बताया गया कि एल-1 स्तर पर 102 और एल-2 स्तर पर 29 शिकायतें लंबित हैं। मुख्य विकास अधिकारी ने संबंधित विभागों को इन सभी मामलों का शीघ्र समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

जनसुनवाई में अपर जिलाधिकारी श्याम सिंह राणा, एसडीएम रुद्रप्रयाग सोहन सिंह सैनी, एसडीएम ऊखीमठ अनिल रावत, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. पारूल गोयल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं शिकायतकर्ता उपस्थित रहे।

रिपोर्ट :- नरेन्द्र रावत

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button