UP Breaking NewsUP POLICEUPPOLICEउत्तर प्रदेशहरदोई

हरदोई: सावन के पहले सोमवार पर डीएम-एसपी ने सकाहा शिव मंदिर की सुरक्षा व्यवस्था का किया निरीक्षण

जन एक्सप्रेस / हरदोई :- श्रावण मास के प्रथम सोमवार और कांवड़ यात्रा के मद्देनजर जिलाधिकारी अनुनय झा एवं पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा ने सोमवार को श्री शिव संकट हरण मंदिर, सकाहा पहुंचकर सुरक्षा एवं श्रद्धालुओं के लिए की गई व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। इस दौरान दोनों अधिकारियों ने मंदिर में विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर जनपदवासियों के सुख, समृद्धि और कल्याण की कामना की।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी अनुनय झा ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधाओं में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। उन्होंने सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन कराने, अराजक तत्वों पर विशेष नजर रखने तथा मंदिर परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की सतत निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

डीएम ने खाद्य सुरक्षा को लेकर भी अधिकारियों को सतर्क रहने को कहा। उन्होंने मंदिर परिसर और आसपास बिकने वाले खाद्य पदार्थों की नियमित जांच कराने तथा किसी भी स्थिति में अधोमानक खाद्य सामग्री की बिक्री नहीं होने देने के निर्देश दिए। साथ ही अग्नि सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम रखने और संबंधित अधिकारियों को लगातार क्षेत्र का भ्रमण कर व्यवस्थाओं की निगरानी करने के लिए कहा।

उन्होंने पब्लिक एड्रेस सिस्टम को लगातार संचालित रखने, श्रद्धालुओं को समय-समय पर आवश्यक सूचनाएं उपलब्ध कराने तथा चिकित्सा हेल्प डेस्क, एंबुलेंस और प्राथमिक उपचार जैसी आपातकालीन सेवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए।

पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा ने पुलिस व्यवस्था की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देशित किया कि श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए रूट प्लान, रूट डायवर्जन, पार्किंग व्यवस्था और सुरक्षा प्रबंधन का पूरी सख्ती से पालन कराया जाए, ताकि कांवड़ यात्रा और दर्शन व्यवस्था सुचारु रूप से संचालित हो सके।

निरीक्षण के दौरान उपजिलाधिकारी आशुतोष, खंड विकास अधिकारी बावन रामप्रकाश सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

रिपोर्ट :- बीजी मिश्र

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button