बारिश हुई, बारह जिलों में आंधी के साथ बरसात का अलर्ट

जयपुर । प्रदेश में मार्च की तरह अप्रैल में भी जिले में मौसम लगातार अपना मिजाज बदल रहा है। कभी तेज गर्मी, कभी तेज हवा तो आए दिन बादल छाने का दौर जारी है। भीषण गर्मी वाले अप्रैल में मौसम रंगत बदल रहा है। मार्च में पांच-छह बार पश्चिमी विक्षोभ के चलते बरसात और ओलावृष्टि का दौर चला। इस कारण तापमान 27 से 30 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा। अप्रैल के पहले पखवाड़े में भी पश्चिमी विक्षोभ के चलते कई जगह बरसात, तेज हवा संग धूल उड़ने और बादल छाने का दौर जारी रहा। सीकर में रविवार सुबह जमकर बारिश हुई। साथ में तेज हवा चली। मौसम विभाग ने 12 जिलों में आज बरसात होने की संभावना जताई है।
आमतौर पर अप्रैल के शुरुआत में ही तापमान 40-42 डिग्री सेल्सियस पार कर जाता है। लेकिन इस बार पारा फिलहाल 40 डिग्री से नीचे है। 15 से 18 अप्रैल तक तापमान अधिकतम 39.5 डिग्री सेल्सियस पहुंचा। इसके अलावा 33.7 से 36.9 डिग्री सेल्सियस के बीच ही बना रहा। इस साल पश्चिमी विक्षोभ के चलते मार्च में 45 मिलीमीटर बारिश हुई थी। अप्रैल में 23.2 मिलीमीटर बरसात हो चुकी है। इसके चलते भीषण गर्मी और लू का दौर फिलहाल शुरू नहीं हुआ है। राजस्थान में लगातार बदल रहे मौसम के बीच मई की शुरूआत तेज बारिश और हवाओं के साथ होगी। मौसम विभाग की मानें तो तापमान में भी पांच डिग्री तक गिरावट दर्ज हो सकती है। जबकि, पिछले साल एक मई को कई जिलों में गर्मी का रेकाॅर्ड टूटा था, ऐसे में इस बार कई जिलों में राहत की फुहारें बरसेंगी।
मौसम केन्द्र जयपुर के अनुसार 27 व 28 अप्रैल से राजस्थान में एक नया तंत्र सक्रिय होने से आंधी और बारिश की गतिविधियों में बढ़ोतरी होने की संभावना है। इसके चलते मौसम का मिजाज मई में सप्ताहभर के लिए बदला हुआ नजर आ सकता है। माना जा रहा है कि मई की शुरूआत तेज बारिश के साथ होगी और प्रदेशवासियों को गर्म दोपहर से राहत मिल सकेगी। जयपुर मौसम केन्द्र के अनुसार 24, 25 व 26 अप्रैल के दौरान अधिकांश भागों में मौसम शुष्क रहने तथा तापमान में 2-3 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी होने की संभावना है। इसी प्रकार 26 अप्रैल को राज्य के दक्षिणी भागों में कहीं-कहीं मेघगर्जन व हल्की बारिश बूंदाबांदी की संभावना है। मई के प्रथम सप्ताह में भी मेघगर्जन, तेज हवाओं के साथ बारिश की गतिविधियों में ओर बढ़ोतरी होगी। साथ ही तापमान में दो से 5 डिग्री सेल्सियस की बड़ी गिरावट होने की प्रबल संभावना है।
मौसम विभाग के अनुसार पिछले 24 घंटों में प्रदेश के बूंदी में जहां अधिकतम तापमान 40.6 डिग्री और बाड़मेर में 39.8 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। इससे लोगों को गर्मी ने परेशान कर दिया। सीकर में रविवार सुबह मौसम का मिजाज बदला। बारिश हुई और आंधी चली। सीकर के कृषि अनुसंधान केंद्र फतेहपुर पर न्यूनतम तापमान 19 डिग्री दर्ज किया गया है। मौसम विशेषज्ञों की मानें तो आज की बारिश और आंधी लोकल चक्रवात के असर से हुई है। फिलहाल सीकर में आगामी दिनों में तापमान में बढ़ोतरी होने के आसार है। प्रदेश के अजमेर में 36.8, भीलवाड़ा में 38, अलवर में 34.8, जयपुर में 35.8, पिलानी में 36.6, कोटा में 40, बूंदी में 40.6, चित्तौड़गढ़ में 37.1, उदयपुर में 36.6, धौलपुर में 38.8, टोंक में 38.4, बारां में 38.8, डूंगरपुर में 38.4, करौली में 37.7, बांसवाड़ा में 40.2, बाड़मेर में 39.8, सीकर में 35.5, जैसलमेर में 38.5, जोधपुर में 38.2, सवाई माधोपुर में 37.4, बीकानेर में 37.7, चूरू में 36.6, श्रीगंगानगर में 36.4 और जालोर में 38.8 डिग्री अधिकतम तापमान मापा गया।






