जौनपुर: ओवरलोड गिट्टी लदे डम्फर ने गांव का प्रवेश द्वार तोड़ा, ग्रामीणों ने काटा हंगामा

जन एक्सप्रेस/ जौनपुर: जनपद के जफराबाद थाना क्षेत्र से एक बड़ी लापरवाही का मामला सामने आया है। यहाँ के मोथहा गांव में सोमवार की शाम एक ओवरलोड डम्फर ने गांव के मुख्य प्रवेश द्वार को जोरदार टक्कर मारकर क्षतिग्रस्त कर दिया। इस घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने डम्फर को मौके पर ही रोक लिया और जमकर विरोध प्रदर्शन किया।
बिना देखे गांव में घुसा दिया भारी वाहन
जानकारी के अनुसार, मोथहा गांव के ही एक निवासी के घर निर्माण कार्य के लिए डम्फर से गिट्टी मंगवाई गई थी। डम्फर क्षमता से अधिक गिट्टी से लदा हुआ था। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि चालक ने बिना ऊंचाई और चौड़ाई का अंदाजा लगाए, लापरवाही बरतते हुए डम्फर को गांव के प्रवेश द्वार के भीतर घुसाने का प्रयास किया। डम्फर के ऊपरी हिस्से के टकराते ही प्रवेश द्वार के दोनों खंभे भरभरा कर टूट गए।
मुआवजे की मांग पर अड़े ग्रामीण
गेट टूटने की आवाज सुनकर गांव के दर्जनों लोग मौके पर जमा हो गए। ग्रामीणों का गुस्सा इस बात पर था कि गांव की संपत्ति को नुकसान पहुँचाया गया है। ग्रामीणों ने स्पष्ट चेतावनी दी कि जब तक डम्फर मालिक गेट बनवाने का हर्जाना नहीं देता, तब तक वाहन को जाने नहीं दिया जाएगा।
समझौते के बाद शांत हुआ मामला
काफी देर तक चले हंगामे के बाद मामला तब शांत हुआ जब जिस व्यक्ति के घर गिट्टी आई थी, उन्होंने नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए प्रवेश द्वार को दोबारा बनवाने का आश्वासन दिया। इसके बाद ग्रामीणों ने डम्फर को वहां से जाने दिया।






