जमीन कब्जे के विवाद में लाठीचार्ज, युवक गंभीर घायल — आरोपी पक्ष ने लगाया फर्जी केस का दबाव

जन एक्सप्रेस राजापुर, चित्रकूट: राजापुर थाना क्षेत्र के छीबो गाँव में बुधवार सुबह एक मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया जब गाय को चारा दे रहे विष्णुकांत तिवारी उर्फ कल्लू पर पड़ोस की महिलाओं और उनके परिजनों ने लाठी-डंडों से हमला कर दिया। हमले में विष्णुकांत तिवारी का सिर फट गया और शरीर पर गंभीर चोटें आई हैं।
घटना सुबह करीब 7 बजे की है जब विष्णुकांत अपने घर के सामने रोज की तरह गाय को चारा-पानी दे रहे थे। उसी दौरान पास ही रहने वाली मंजू देवी, उनके बेटे मोनू और बहू वहां आकर पशु चरही के पास बाँस-बल्लियाँ गाड़ने लगे। जब विष्णुकांत ने इसका विरोध किया तो उक्त लोगों ने एकजुट होकर उन पर हमला कर दिया। घायल अवस्था में पड़ोसियों और भाइयों ने मौके पर पहुँचकर उन्हें बचाया।
घटना की शिकायत थाने में दर्ज की गई है, जहाँ पुलिस ने मामला पंजीकृत कर लिया है और जांच शुरू कर दी है।
दूसरी तरफ, मामला अब नया मोड़ लेता दिख रहा है। पीड़ित पक्ष का आरोप है कि हमलावर, जो अनुसूचित जाति से हैं, अब खुद को बचाने और पलटवार के लिए विष्णुकांत के खिलाफ झूठे आरोप लगाकर पुलिस पर दबाव बना रहे हैं। आरोप है कि वे “छूने” और “गाली-गलौज” जैसे गंभीर लेकिन प्रमाणहीन आरोप लगाकर फर्जी एससी/एसटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कराने की कोशिश कर रहे हैं।
पुलिस जांच जारी:
राजापुर थाने की पुलिस ने बताया कि प्राथमिक रिपोर्ट दर्ज की जा चुकी है और मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है। दोनों पक्षों के बयान लिए जा रहे हैं और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्यवाही की जाएगी।






