उत्तराखंडनई टिहरी

नई टिहरी: देवरीतल्ली से ‘जी राम जी योजना’ का शुभारंभ

ग्रामीणों को मिलेगा 125 दिन का रोजगार

जन एक्सप्रेस/ नई टिहरी: विकासखंड चंबा के देवरीतल्ली (कोटी) से मुख्य विकास अधिकारी वरुणा अग्रवाल एवं विधायक किशोर उपाध्याय ने ‘जी राम जी योजना’ (विकसित भारत गारंटी फॉर रोजगार एंड आजीविका मिशन ग्रामीण) का शुभारंभ किया। इस योजना का उद्देश्य ग्रामीण श्रमिकों को अधिक रोजगार उपलब्ध कराना और उनकी आजीविका को सशक्त बनाना है।

अब 100 नहीं, 125 दिन मिलेगा रोजगार

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक किशोर उपाध्याय ने बताया कि योजना के तहत पात्र श्रमिकों को अब 100 दिनों के स्थान पर 125 दिनों का रोजगार मिलेगा। साथ ही, पहले मिलने वाली ₹252 प्रतिदिन मजदूरी को बढ़ाकर ₹300 प्रतिदिन कर दिया गया है।

उन्होंने कहा कि इस पहल से ग्रामीण परिवारों की आर्थिक स्थिति मजबूत होगी और उन्हें अपने क्षेत्र में ही रोजगार के बेहतर अवसर मिल सकेंगे।

पाइपलाइन निर्माण और मरम्मत कार्य भी होंगे शामिल

मुख्य विकास अधिकारी वरुणा अग्रवाल ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप योजना का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाएगा ताकि अधिक से अधिक पात्र परिवारों को इसका लाभ मिल सके। उन्होंने बताया कि इस योजना के अंतर्गत पानी की पाइपलाइन के नए निर्माण और मरम्मत कार्य भी शामिल किए जाएंगे।

विद्यालय और आंगनबाड़ी केंद्रों का किया निरीक्षण

योजना के शुभारंभ के बाद सीडीओ वरुणा अग्रवाल ने विकासखंड चंबा स्थित राजकीय इंटर कॉलेज एवं आंगनबाड़ी केंद्रों का निरीक्षण किया।

विद्यालय में उन्होंने शैक्षणिक गतिविधियों और विद्यार्थियों को उपलब्ध कराई जा रही कोचिंग व्यवस्था की समीक्षा कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। वहीं, आंगनबाड़ी केंद्रों में बच्चों को दिए जा रहे पोषण आहार, साफ-सफाई और अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

उन्होंने संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को केंद्रों में स्वच्छता बनाए रखने, बच्चों को गुणवत्तापूर्ण पोषण उपलब्ध कराने तथा व्यवस्थाओं की नियमित निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

कार्यक्रम में चंबा प्रमुख सुमन सजवाण सहित बड़ी संख्या में ग्रामवासी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button