उत्तर प्रदेशराज्य खबरें

कौशांबी में LPG टैंकर टोल प्लाजा से टकराया, भीषण आग में चालक की मौत, 7 कर्मचारी घायल


जन एक्सप्रेस/ कौशांबी:
 जिले के कोखराज थाना क्षेत्र स्थित सिहोरी टोल प्लाजा पर शुक्रवार सुबह करीब 7 बजे बड़ा हादसा हो गया। एक एलपीजी गैस टैंकर अनियंत्रित होकर टोल प्लाजा की दीवार से टकरा गया, जिसके बाद उसमें भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि पूरा टोल प्लाजा आग की चपेट में आ गया।

हादसे में टैंकर चालक की मौके पर ही जलकर मौत हो गई, जबकि टोल प्लाजा पर तैनात सात कर्मचारी झुलस गए। घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। इनमें से पांच की हालत गंभीर होने पर उन्हें प्रयागराज रेफर किया गया, जबकि दो घायलों को मूरतगंज पीएचसी में प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया गया।

आग की चपेट में आने से टोल प्लाजा का स्टाफ रूम, कंट्रोल रूम, यार्ड में खड़ी करीब 16 मोटरसाइकिलें और दो कारें जलकर राख हो गईं। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की आधा दर्जन गाड़ियां और कोखराज पुलिस मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।

दुर्घटना के बाद हाईवे पर कई किलोमीटर लंबा जाम लग गया। प्रशासन ने राहत एवं बचाव कार्य पूरा कर धीरे-धीरे यातायात सामान्य कराया। कुछ समय तक टोल संचालन भी बंद रहा और वाहनों को बिना टोल शुल्क के निकाला गया।

घायलों में संजय निर्मल (टोल कलेक्टर), रविंद्र कुमार पांडेय (टोल कलेक्टर), अनिल, आलोक (शिफ्ट इंचार्ज), हीरा मणि (सुपरवाइजर), कृष्ण पाल (टीसी), अतुल मिश्रा (टीसी) सहित अन्य कर्मचारी शामिल हैं।

एसपी कौशांबी ने बताया कि घटना की जांच की जा रही है। प्राथमिकता घायलों के बेहतर इलाज और हादसे के कारणों की जांच करना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button