रुद्रप्रयाग में अवैध शराब पर बड़ी कार्रवाई, 65 छापेमारी में 59 लीटर शराब बरामद

जन एक्सप्रेस/रुद्रप्रयाग: जनपद में अवैध शराब के कारोबार पर रोक लगाने के लिए आबकारी विभाग द्वारा विशेष अभियान लगातार जारी है। जिलाधिकारी विशाल मिश्रा के निर्देश पर विभागीय टीमें तीनों विकासखंडों में होटल, ढाबों और वाहनों की सघन जांच कर रही हैं।
जिला आबकारी अधिकारी रमेश बंगवाल ने बताया कि 1 मई से 29 मई 2026 तक चलाए गए अभियान के दौरान 65 स्थानों पर छापेमारी की गई। कार्रवाई के दौरान 59 लीटर अवैध शराब बरामद की गई, जबकि तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया।
अभियान के तहत संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। आबकारी विभाग की टीमें लगातार क्षेत्र भ्रमण कर अवैध शराब की बिक्री, भंडारण और तस्करी पर नजर बनाए हुए हैं।
प्रशासन ने संवेदनशील क्षेत्रों में चेकिंग और निगरानी बढ़ा दी है। अधिकारियों का कहना है कि अवैध शराब के कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
जिला आबकारी अधिकारी ने आमजन से अपील की कि अवैध शराब से जुड़ी किसी भी गतिविधि की जानकारी मिलने पर तुरंत प्रशासन या आबकारी विभाग को सूचित करें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।






