
जन एक्सप्रेस /नई टिहरी विधानसभा निर्वाचक नामावलियों के विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम को लेकर जिला निर्वाचन कार्यालय में अपर जिलाधिकारी एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी शैलेन्द्र सिंह नेगी की अध्यक्षता में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित कार्यक्रम, दिशा-निर्देशों तथा पुनरीक्षण प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी साझा की गई।अपर जिलाधिकारी शैलेन्द्र सिंह नेगी ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए शुद्ध, पारदर्शी एवं त्रुटिरहित मतदाता सूची का होना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने राजनीतिक दलों और उनके बूथ स्तरीय अभिकर्ताओं (बीएलए) की भूमिका को भी महत्वपूर्ण बताते हुए इस अभियान में सक्रिय सहयोग की अपील की।उन्होंने जानकारी दी कि 8 जून से 7 जुलाई 2026 तक बीएलओ द्वारा घर-घर सत्यापन अभियान चलाया जाएगा। प्रत्येक परिवार तक पहुंच सुनिश्चित करने के लिए बीएलओ कम से कम तीन बार भ्रमण करेंगे। इसी दौरान मतदान केंद्रों के युक्तिकरण का कार्य भी संपन्न किया जाएगा।बैठक में बताया गया कि प्रारूप निर्वाचक नामावली का प्रकाशन 14 जुलाई 2026 को किया जाएगा। इसके बाद 14 जुलाई से 13 अगस्त तक दावे एवं आपत्तियां प्राप्त की जाएंगी। नागरिक अपनी आपत्तियां एवं दावे ऑनलाइन तथा ऑफलाइन दोनों माध्यमों से दर्ज करा सकेंगे।निर्वाचन विभाग के अनुसार प्राप्त दावों एवं आपत्तियों का निस्तारण 11 सितंबर 2026 तक किया जाएगा तथा अंतिम निर्वाचक नामावली का प्रकाशन 15 सितंबर 2026 को किया जाएगा।अपर जिलाधिकारी ने बताया कि इस विशेष अभियान का उद्देश्य प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में शामिल करना तथा मृत, स्थानांतरित, अपात्र एवं डुप्लीकेट प्रविष्टियों को हटाकर मतदाता सूची को अधिक शुद्ध, अद्यतन और विश्वसनीय बनाना है।बैठक में यह भी स्पष्ट किया गया कि सत्यापन प्रक्रिया के दौरान किसी भी प्रकार के दस्तावेज एकत्र नहीं किए जाएंगे। आधार कार्ड केवल पहचान के प्रमाण के रूप में स्वीकार किया जाएगा, नागरिकता के प्रमाण के रूप में नहीं। साथ ही आधार संख्या उपलब्ध कराना पूरी तरह वैकल्पिक रहेगा।उन्होंने सभी राजनीतिक दलों से अपील की कि वे अपने पदाधिकारियों एवं बूथ स्तरीय अभिकर्ताओं के माध्यम से मतदाताओं को पुनरीक्षण कार्यक्रम के प्रति जागरूक करें और बीएलओ को आवश्यक सहयोग प्रदान करें, ताकि यह प्रक्रिया पूर्ण पारदर्शिता एवं प्रभावशीलता के साथ संपन्न हो सके।बैठक में भाजपा से जिला उपाध्यक्ष रामलाल नौडियाल, जयेंद्र सिंह, जिला मीडिया प्रभारी राजेंद्र डोभाल तथा कांग्रेस से मनीष पंत, देवेंद्र नौडियाल और गबर सिंह रावत सहित अन्य संबंधित प्रतिनिधि वर्चुअल माध्यम से उपस्थित रहे।



