मोदी सरकार ने गवर्नेंस का नया मॉडल दिया : शेखावत

जयपुर । केन्द्रीय जलशक्ति मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत ने कहा कि आजादी के इस अमृत काल में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी ने देश को गवर्नेंस का नया मॉडल दिया है। इसमें पारदर्शिता के साथ काम हो रहा है। इसी के चलते भारत आज विकसित देशों के मार्ग पर चल पड़ा है। पूरी दुनिया भारत की तरफ आशाभरी निगाहों से देख रही है।
शेखावत शनिवार को जयपुर में आयोजित राष्ट्रीय रोजगार मेले को संबोधित कर रहे थे। इस कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी भी वर्चुअली जुड़े। शेखावत ने कहा कि देश बदलाव के दौर से गुजर रहा है। ऐसे मौके कई वर्षों बाद ही आते हैं, जब कोई देश इस प्रक्रिया से गुजरता है। वर्तमान में यह समय चल रहा है। और यह स्पष्ट दिख रहा है कि आने वाले पच्चीस साल में देश संपूर्ण रूप से विकसित भारत की श्रेणी मे आ खड़ा होगा। इसे प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी ने अमृत काल की संज्ञा दी है। यह अमृत काल की अमृत वेला है।
उन्होंने नवनियुक्त कर्मचारियों का आह्वान किया कि आपको सरकार के साथ जुड़कर काम करने का सौभाग्यपूर्ण अवसर मिला है। आपको देश के निर्माण में अपना संकल्पबद्ध होकर काम करना होगा। आपको अपनी ऊर्जा का एक-एक कण बिंदु इस राष्ट्र के निर्माण में समर्पित करना होगा। आपको इस संकल्प के साथ काम करना होगा कि मैं देश के निर्माण में सहभागी बनूंगा। मेरा आचरण और कार्य देश में विकास में कभी बाधा नहीं बनेगा। शेखावत ने कहा कि नौकरी मिलना सामान्य प्रक्रिया है, लेकिन यह सौभाग्यपूर्ण अवसर है, जब प्रधानमंत्री के हाथों युवकों को नियुक्ति पत्र मिल रहे हैं।
केन्द्रीय मंत्री ने युवाओं से कहा कि देश 25 साल बाद पूरी तरह बदल जाएगा। उस समय हमारे जैसे कई लोग होंगे या नहीं होंगे और यदि होंगे तो केवल दृष्टा भाव से दखेंगे, लेकिन आप जीवन के इस पड़ाव पर है कि आप देश के बदलाव के कारक बनेगा। आप लोगों की जिम्मेदारी और सौभाग्य दोनों निश्चितरूप से बहुत महत्वपूर्ण है।
क्षमतावर्धन के लिए नई योजना कर्मयोगी
शेखावत ने कहा कि सरकार में काम करने वाले कर्मचारियों का भी क्षमता संवर्धन होना चाहिए। उनका स्किल डवलप होना चाहिए। इस दृष्टि से प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी ने कर्मयोगी नाम से कार्यक्रम प्रांरभ किया है। उसमें आप लोगों को भी अवसर मिले। आपको इसके साथ जुड़कर इसका अधिकतम उपयोग करना होगा।
अब तक चार लाख से अधिक को दी नौकरी
केन्द्रीय मंत्री ने बताया कि केन्द्र सरकार के रोजगार मेले की श्रृ़ंखला में यह सातवां मेला है। यह कार्यक्रम 22 अक्टूबर से शुरू हुआ था, आज चार लाख तैतीस हजार लोगों को रोजगार दिया। इस सभागार में मौजूद 258 युवाओं को आज पीएम मोदी नियुक्ति पत्र देंगे।






