देश

मोदी सरकार ने नौ वर्षों में देश को नई ऊंचाइयों पर पहुंचाया: भव्य बिश्नोई

हिसार । विधायक भव्य बिश्नोई ने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पिछले नौ वर्षों में देश ने तरक्की के मामले में नई ऊंचाइयां को छुआ है। देश हर क्षेत्र में तरक्की कर रहा है और आत्मनिर्भरता की राह पर आगे बढ़ रहा है। इसी तरह मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर भी हरियाणा को निरंतर प्रगति पथ पर अग्रसर कर रहे हैं।

विधायक भव्य बिश्नोई सोमवार को भाजपा के महाजनसंपर्क अभियान के दौरान आधा दर्जन गांवों के दौरे के दौरान ग्रामीणों से बातचीत कर रहे थे। उन्होंने अनेक जगह विकास कार्यों का जायजा लिया व कई जगहों पर विकास कार्यों का उद्घाटन किया। उन्होंने आदमपुर में आयोजित हुए पन्ना प्रमुख सम्मेलन में भारी संख्या में पहुंचने पर पार्टी के सभी पन्ना प्रमुखों, पार्टी पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं का आभार जताया। भव्य बिश्नोई पार्टी ने महा जनसंपर्क अभियान के दौरान पार्टी की नीतियों से लोगों को अवगत कराया व भाजपा की केंद्र व प्रदेश सरकार द्वारा करवाए गए विकास कार्यों को जनता के सामने रखा। उन्होंने मुख्यमंत्री मनोहर लाल की महत्वाकांक्षी योजना ‘अमृत सरोवर’ के तहत गांव बालसमंद के तलाब के कार्य का शिलान्यास किया।

भव्य बिश्नोई ने कहा कि प्रधानमंत्री के शासन काल को नौ वर्ष पूरे हो चुके हैं। उनका कार्यकाल एक मिसाल के तौर पर याद किया जाएगा। आज विश्व पटल पर भारत का नाम जिस गर्व के साथ लिया जाता है उसके पीछे प्रधानमंत्री की कूटनीति व उनकी कड़ी मेहनत है। उनका एकमात्र लक्ष्य हर हाल में देश की उन्नति का है। दूरदर्शी सोच के चलते वे देशहित के लिए जरूरी बड़े फैसले लेने से पीछे नहीं हटते। उन्होंने कहा कि देश-प्रदेश के लोग भाजपा की कार्यप्रणाली से बेहद संतुष्ट हैं और पुन: सत्ता सौंपने के लिए तैयार बैठे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button