utrakhandउत्तरकाशीपिथौरागढ़

मुनस्यारी में 22 से 24 जुलाई तक लगेगा बहु-विशेषज्ञ स्वास्थ्य शिविर, विशेषज्ञ डॉक्टर देंगे निःशुल्क उपचार

जन एक्सप्रेस /पिथौरागढ़ :- मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. जे. एस. चुफाल के निर्देशानुसार 22 से 24 जुलाई 2026 तक सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र (सीएचसी), मुनस्यारी में तीन दिवसीय वृहद बहु-विशेषज्ञ स्वास्थ्य सेवा शिविर आयोजित किया जाएगा। शिविर में मरीजों को विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा निःशुल्क जांच, परामर्श, उपचार एवं दवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।

शिविर में स्त्री एवं प्रसूति रोग विशेषज्ञ, बाल रोग विशेषज्ञ, हड्डी रोग विशेषज्ञ, दंत रोग विशेषज्ञ, नेत्र रोग विशेषज्ञ तथा फिजिशियन अपनी सेवाएं देंगे। इसके साथ ही मरीजों को अल्ट्रासाउंड, एक्स-रे, विभिन्न रक्त जांच, विकलांगता प्रमाण पत्र, आभा आईडी, आयुष्मान भारत कार्ड, एचपीवी टीकाकरण, परिवार नियोजन की स्थायी विधि (नसबंदी), एनसीडी स्क्रीनिंग तथा टीबी स्क्रीनिंग जैसी अनेक स्वास्थ्य सेवाएं एक ही स्थान पर पूरी तरह निःशुल्क उपलब्ध होंगी।

प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. गौरव कुमार ने बताया कि शिविर के सफल संचालन के लिए स्वास्थ्य अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ बैठक कर विस्तृत कार्ययोजना तैयार कर ली गई है। उन्होंने कहा कि शिविर की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।

उन्होंने बताया कि शिविर प्रतिदिन सुबह 10:00 बजे से शाम 5:00 बजे तक संचालित होगा और सभी आवश्यक स्वास्थ्य सेवाएं विशेषज्ञ चिकित्सकों की देखरेख में उपलब्ध कराई जाएंगी।

डॉ. गौरव कुमार ने विकासखंड मुनस्यारी के जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों और आम जनता से अपील की कि अधिक से अधिक जरूरतमंद मरीज इस स्वास्थ्य शिविर का लाभ उठाएं। उन्होंने कहा कि दूरस्थ क्षेत्रों के लोगों को विशेषज्ञ चिकित्सकों की सेवाएं अपने ही क्षेत्र में उपलब्ध कराना इस शिविर का मुख्य उद्देश्य है, जिससे बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं तक उनकी आसान पहुंच सुनिश्चित हो सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button