उत्तराखंडनई टिहरी

नई टिहरी: पूर्व मंत्री दिनेश सिंह धनाई ने जनसंवाद कार्यक्रम में सुनी ग्रामीणों की समस्याएं

जन एक्सप्रेस/ नई टिहरी: जनसंवाद कार्यक्रम के तहत पूर्व पर्यटन मंत्री दिनेश सिंह धनाई ने जाखणीधार विकासखंड की ग्राम पंचायत खांदी, कोट और मरोड़ा का भ्रमण कर ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं। उन्होंने कहा कि जनता की समस्याओं के समाधान के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे।

गांव-गांव पहुंचकर सुन रहे हैं लोगों की समस्याएं

जनसंवाद कार्यक्रम को संबोधित करते हुए दिनेश सिंह धनाई ने कहा कि वह लगातार टिहरी विधानसभा के प्रत्येक गांव का भ्रमण कर लोगों की समस्याओं और आवश्यकताओं को समझने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों को जनता के प्रति जवाबदेह होना चाहिए और उनकी समस्याओं के समाधान के लिए हमेशा उपलब्ध रहना चाहिए।

जनता को जनप्रतिनिधियों से हिसाब मांगना चाहिए

उन्होंने कहा कि आज कई जनप्रतिनिधि जनता की पहुंच से दूर हो गए हैं, जबकि वह स्वयं चुनाव से पहले ही गांव-गांव जाकर लोगों से संवाद स्थापित कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि जनता को भी अपने जनप्रतिनिधियों से उनके कार्यों का हिसाब मांगना चाहिए। जागरूक जनता ही क्षेत्र के समग्र विकास की आधारशिला है।

अपने कार्यकाल की उपलब्धियां गिनाईं

पूर्व मंत्री ने अपने कार्यकाल में कराए गए विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि क्षेत्र की लंबे समय से चली आ रही पेयजल समस्या के समाधान के लिए कोशियार पंपिंग पेयजल योजना शुरू कराई गई थी। उन्होंने कहा कि उनके कार्यकाल के बाद इस योजना का विस्तार नहीं हो पाया, जिसके कारण कई गांव आज भी पेयजल संकट से जूझ रहे हैं।

उन्होंने जाखणीधार क्षेत्र में पॉलीटेक्निक, एएनएम सेंटर तथा विभिन्न सड़कों के निर्माण एवं डामरीकरण जैसे विकास कार्यों का भी उल्लेख किया।

ग्रामीणों ने रखीं प्रमुख समस्याएं

बैठक में ग्रामीणों ने बेरोजगारी, वृद्धावस्था पेंशन और पेयजल समस्या को प्रमुखता से उठाया। इस दौरान दिनेश सिंह धनाई ने क्षेत्रवासियों के स्नेह और सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया।

कार्यक्रम में प्रधान भगत सिंह, भगवान सिंह सेनवाल, उम्मेद सिंह सेनवाल, महावीर सिंह सेनवाल, जोत सिंह कण्डियाल, जीत सिंह कण्डियाल, बीरबल सिंह सेनवाल, कुंवर सिंह कण्डियाल, राजेन्द्र प्रसाद अमोला, इन्द्र देव मिश्रा, अजय सिंह कण्डियाल, विजय सिंह कण्डियाल, ऋषिराम अमोला, ज्ञान सिंह, मदन सिंह परमार, गुलाब सिंह सेनवाल, पूर्व प्रधान जयवीर पंवार, पूर्व सैनिक सुनील पंवार सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button