शिवराज की तरह मैं घोषणाओं की राजनीति में विश्वास नहीं करता

भाेपाल । मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष कमलनाथ गुरुवार को बीना पहुंचे। यहां पहुंचकर उन्होंने सबसे पहले बाबासाहब आंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। इसके बाद मीडिया बातचीत करते हुए उन्होंने कहा कि मैं बहुत दिनों बाद बीना आया हूं। पिछले 18 वर्षों में भाजपा के शासनकाल में प्रदेश की तस्वीर सबके सामने हैं, भाजपा ने मध्य प्रदेश को अंदर से खोखला कर दिया है। खोखली अर्थव्यवस्था, खोखली शिक्षा व्यवस्था, खोखली स्वास्थ्य व्यवस्था, खोखली रोजगार व्यवस्था। आज प्रदेश में हर वर्ग परेशान है।
कमल नाथ ने बीना को जिला बनाने के मुद्दे पर कहा कि मुख्यमंत्री शिवराज ने बीना को जिला बनाने की तीन बार घोषणा की है परंतु अब तक उनकी घोषणा का कोई अता पता नहीं। वे तो घोषणा मशीन है और साथ ही झूठ बोलने की मशीन है। मैं घोषणाओं की राजनीति में विश्वास नहीं करता यदि कांग्रेस की सरकार बनती है और यहां के लोग चाहेंगे तो बीना अवश्य जिला बनेगा।
पूर्व मुख्यमंत्री ने तंज कसते हुए कहा कि जब निवेशकों को पता चलता है कि मध्य प्रदेश में सत्ता पक्ष के नेता कितने कलाकार हैं कितने भ्रष्टाचारी हैं कितने झूठ बोलते हैं तो उनका भरोसा मध्यप्रदेश पर से हटता है। उन्होंने कहा कि चुनाव में पांच महीने बचे हैं। सागर के मतदाताओं पर हमारा विशेष विश्वास है। किसानों के कर्ज माफ वाले सवाल पर कमलनाथ ने कहा कि प्रदेश में 27 लाख किसानों का कर्जा माफ हुआ। अकेले सागर जिले में ही हमने अपनी सरकार के दौरान लगभग 90 हजार किसानों का कर्जा माफ किया था।