देश

लू का कहर: बिहार समेत इन राज्यों के लिए ऑरेंज अलर्ट

नई दिल्ली : देशभर में बढ़ती गर्मी और लू से लोगों का जीना मुहाल हो गया है। तापमान 40 डिग्री सेल्सियस या उसके पार तक जा रहा है। लू को लेकर भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) ने ओडिशा और पश्चिम बंगाल में रेड अलर्ट जारी किया है। जबकि बिहार और झारखंड के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। वैज्ञानिकों का कहना है कि आने वाले कई दिनों तक गर्म हवाओं का प्रकोप रहेगा।

बंगाल और ओडिशा में रेड अलर्ट
मौसम विभाग के अनुसार, गर्म और उमस भरे मौसम के कारण बंगाल और ओडिशा में दिन के अधिकतम तापमान में और वृद्धि की संभावना है। वहीं, लू के चलते लोगों को काफी परेशानी झेलनी पड़ेगी। बढ़ती गर्मी और हीटवेव को लेकर भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) के वरिष्ठ वैज्ञानिक सोमा सेन रॉय ने कहा, ‘ओडिशा में भी लू से बिगड़ते हालातों का सामना करना पड़ रहा है। यहां कुछ दिनों तक ऐसे ही हालात रहने वाले हैं। इसलिए रेड अलर्ट जारी किया गया है।’

इन जगहों पर तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार
कई ऐसे स्थान हैं, जिनका तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से अधिक पहुंच गया है। पश्चिम बर्धमान जिले के पानागढ़ में शनिवार को पश्चिम बंगाल का अधिकतम तापमान 44.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि कोलकाता में दिन का अधिकतम तापमान 41.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इतना ही नहीं, मेदिनीपुर का 43.5, बांकुड़ा का 43.2, बैरकपुर का 43.2, बर्धमान का 43, आसनसोल का 42.5, पुरुलिया का 42.7 और श्रीनिकेतन का 42 डिग्री सेल्सियस हैं।

वहीं, ओडिशा के औद्योगिक शहर अंगुल में 44.7 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया, जबकि राज्य की राजधानी भुवनेश्वर में 44.6 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया, जो इस मौसम में पहली बार 44 डिग्री को पार कर चुका है। इसके अलावा, बारीपदा में 44.2 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया, जबकि बौध, ढेंकनाल और भवानीपटना में शनिवार को अधिकतम तापमान 43.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button