जलशक्ति मंत्री स्वतंत्र देव ने लिया बाढ़ संभावित क्षेत्रों का जायजा, दिए निर्देश

बाढ़ पीड़ितों को किसी तरह की कोई दिक्क़त न हो। नदी पर नजर बनाए और कटान रोकने का युद्धस्तर पर प्रयास करें। उक्त बातें जलशक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने शनिवार को अपने बाराबंकी दौरे पर बाढ़ संभावित क्षेत्रों के निरिक्षण के दौरान अधिकारियों कर्मचारियों को निर्देशित करते हुए कही। श्री सिंह ने सर्वप्रथम सूरतगंज के कुसौरा और करमुल्लापुर गांव के पास कटान रोकने के लिए कराए जा रहे कार्यों का निरिक्षण कर आवश्यक निर्देश दिए। यहां अधिकारियों ने मंत्री से बताया कि अभी नदी के पानी से बाढ़ जैसे हालात नही बनेगें। प्रयास है कि समय रहते बाढ़ खंड से जुड़े सभी कार्यों को पूर्ण कर लिया जाए।
जिसके बाद रास्ते में पानी व कीचड़ के चलते मंत्री ट्रैकटर से इब्राहिमाबाद गांव पहुंचे। यहां उन्होंने ग्राम प्रधान व ग्रामीणों से मिलकर उनका हाल-चाल जाना। जाते-जाते मंत्री ने चहलारी गणेशपुर तटबांध का भी निरिक्षण किया। इस मौके पर भाजपा जिलाध्यक्ष, बाढ़ खंड अधिकारी शशिकांत सिंह, राकेश कुमार वर्मा व अमित कुमार सहित बड़ी संख्या में अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।






