साफ्टवेयर को लागू करेगा पंजाब आबकारी विभाग

चंडीगढ़ । पंजाब के वित्त, योजना, आबकारी और कराधान मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने कहा है कि एंटरप्राइज़ रिसोर्स प्लानिंग (ईआरपी) साफ्टवेयर पंजाब आबकारी विभाग को इसकी मुख्य गतिविधियों का एक एकीकृत और असली समय का दृश्य प्रदान करेगा जोकि एक केंद्रीय प्रणाली द्वारा आसानी से इस्तेमाल किया जा सकेगा।
पंजाब के वित्तायुक्त विकास प्रताप और आबकारी आयुक्त वरुण रूजम के नेतृत्व में पंजाब सरकार के एक प्रतिनिधिमंडल ने केरल आबकारी विभाग द्वारा इस्तेमाल किये जा रहे सप्लाई चेन प्रबंधन ईआरपी साफ्टवेयर और पीओएस (प्वाईंट आफ सेल) का अध्ययन करने के लिए केरल का दौरा किया। चीमा ने बताया कि यह साफ्टवेयर प्रशासन में और ज्यादा पारर्दशिता लाने में भी सहायक होंगे। उन्होंने कहा कि इस दौरे के दौरान केरल सरकार के अधिकारियों की तरफ से उनके आबकारी विभाग द्वारा इस्तेमाल की जा रही तकनीकी हल के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी भी दी गई।
इस दौरान स. हरपाल सिंह चीमा ने केरल के आबकारी मंत्री एम बी राजेश के साथ भी मुलाकात की। उन्होंने केरल सरकार में अपने समकक्ष को अवगत कराया कि पंजाब सरकार आबकारी राजस्व इकट्ठा करने की प्रक्रिया को सुचारू बनाने और राजस्व के नुकसान को रोकने के लिए नए साफ्टवेयर आधारित तकनीकी हल अपनाने के लिए बहुत उत्सुक है।






