देश

इंटर्न डॉक्टर की हड़ताल: ढाई सौ डॉक्टर्स की सेवाएं मिलना बंद

बीकानेर । एसपी मेडिकल कॉलेज में इंटर्न डॉक्टर और कॉलेज का स्टाफ आमने-सामने हो गए हैं। इंटर्न डॉक्टर्स ने हड़ताल कर दी है। वार्ड-आउटडोर छोड़कर कॉलेज के गेट के सामने धरना लगाकर बैठ गए हैं। कॉलेज के लेखा शाखा से जुड़े अधिकारी सहित मंत्रालयिक कर्मचारी भी डॉक्टर्स के व्यवहार से नाराज होकर विरोध जताने प्राचार्य के पास पहुंचे। इंटर्न डॉक्टर्स का कहना है कि तीन महीने से स्टाइपंड नहीं मिल रहा। प्रदेश के सभी कॉलेजों में हर महीने यह स्टाइपंड मिलता है। बीकानेर में समय पर नहीं मिलने की वजह यह है कि कॉलेज का स्टाफ सहयोग नहीं करता। जानबूझकर आनाकानी और देरी करता है। ऐसे में डॉक्टर्स को आर्थिक संकट का सामना भी करना पड़ रहा है। इंटर्न की हड़ताल का असर यह हुआ कि वार्ड से आउटडोर, ओटी से लेबर रूम तक ट्रीटमेंट में सहयोग करने वाले 250 डॉक्टर्स की सेवाएं मिलना बंद हो गई। जाहिर है इसका परिणाम अंततः मरीजों को ही भुगतना पड़ रहा है।

दूसरी ओर स्टाइपंड की मांग को लेकर लेखा शाखा में गए इंटर्न की वहां नियुक्त स्टाफ से कहासुनी हो गई। लेखा का काम देखने वाले श्रीधर बिस्सा को डॉक्टर ने भला-बुरा कह दिया। ऐसे में इस शाखा के सारे कर्मचारी काम छोड़कर कॉलेज के मैन हॉल मे जमा हो गए। धीरे-धीरे कॉलेज के दूसरे मंत्रालयिक कर्मचारी भी इनके समर्थन में जुटते गए। इन्होंने प्राचार्य को मिलकर मामले की जानकारी दी। कहा-कार्यबोझ बहुत ज्यादा है। इसके बावजूद सभी काम समय पर करने का प्रयास कर रहे हैं। कई कामों में सरकार या प्रशासन की ओर से तकनीकी दिक्कतें रहने से लंबित हो जाते हैं। बात-बात पर बदसलूकी हो रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button