उत्तराखंडदेहरादून

उत्तराखंड में आफत की बारिश: भूस्खलन से हाईवे बंद, नदी में फंसे लोग

मौसम विभाग ने भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया, 25 से अधिक मार्ग बंद, लोगों से सतर्क रहने की अपील

जन एक्सप्रेस/देहरादून: उत्तराखंड में मानसून की बारिश इस समय लोगों के लिए भारी मुसीबत बन गई है। पहाड़ी इलाकों में लगातार हो रही मूसलधार बारिश ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। ऋषिकेश-गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग समेत कई मुख्य मार्ग भूस्खलन के कारण बंद हो गए हैं। देहरादून, हरिद्वार, पिथौरागढ़ और टिहरी समेत कई जिलों में जनजीवन प्रभावित है।

ऋषिकेश-गंगोत्री हाईवे बंद, मलबा हटाने में लग सकता है समय

ऋषिकेश-गंगोत्री राजमार्ग थाना नरेंद्रनगर क्षेत्र में प्लासड़ा चौकी के पास भारी भूस्खलन हुआ है, जिससे राजमार्ग पूरी तरह से बंद हो गया है। पुलिस ने यात्रियों से अपील की है कि वे यात्रा से पूर्व मार्ग की स्थिति की जानकारी अवश्य लें। लगातार बारिश के कारण मलबा हटाने में देर हो सकती है।

झाझरा में तीन लोग नदी में फंसे, बचाव कार्य जारी

देहरादून के झाझरा क्षेत्र में नदी के तेज बहाव में तीन लोगों के फंसे होने की सूचना है। SDRF और स्थानीय प्रशासन राहत व बचाव कार्य में जुटे हुए हैं। भारी बारिश और जलस्तर में वृद्धि के चलते बचाव कार्यों में भी कठिनाई आ रही है।

हरिद्वार के निचले इलाकों में जलभराव, गंगा का जलस्तर बढ़ा

हरिद्वार में रविवार रात से लगातार हो रही बारिश के चलते निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति बन गई है। चंद्राचार्य चौक, भगत सिंह चौक और ज्वालापुर रेलवे अंडरपास जैसे व्यस्त क्षेत्रों में लोगों को आवागमन में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। भीमगोडा बैराज पर गंगा का जलस्तर चेतावनी स्तर से मात्र 50 सेमी नीचे है।

देहरादून: भू कटाव से घरों पर संकट, लोगों को सुरक्षित स्थानों पर जाने की सलाह

दून विहार क्षेत्र में लगातार हो रही बारिश के कारण भू कटाव शुरू हो गया है, जिससे वहां के कई मकानों पर खतरा मंडरा रहा है। प्रशासन ने प्रभावित परिवारों को सुरक्षित स्थानों पर शिफ्ट होने की सलाह दी है।

पिथौरागढ़: सीमांत इलाकों में तबाही, कैलास मानसरोवर मार्ग समेत 25 मार्ग बंद

पिथौरागढ़ जिले में रविवार की रात मूसलधार बारिश से हालात और बिगड़ गए हैं। बंगापानी, मुनस्यारी, डीडीहाट और धारचूला जैसे इलाकों में भारी जलभराव हुआ है। कैलास मानसरोवर यात्रा मार्ग समेत 25 से अधिक सड़कें बंद हैं। कई ग्रामीण पूजा के लिए निकले थे, जो अब गस्कू और पांगला के बीच फंसे हैं।

ऑरेंज अलर्ट जारी, अगले 24 घंटे भारी

मौसम विभाग ने देहरादून, हरिद्वार, नैनीताल, पौड़ी, बागेश्वर, टिहरी सहित कई जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। मसूरी, चकराता, लक्सर, कोटद्वार, कपकोट, मुक्तेश्वर जैसे क्षेत्रों में बिजली गिरने और भूस्खलन की आशंका जताई गई है।

सरकार और प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे अनावश्यक यात्रा से बचें, नदी-नालों से दूरी बनाए रखें और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button