तालाब बना मौत का कुंआ: दोस्तों संग स्नान करने गए युवक की दर्दनाक मौत

जन एक्सप्रेस/जौनपुर : एक पल की मस्ती कैसे मातम में बदल सकती है, इसका दिल दहला देने वाला मंजर बुधवार को सरपतहां थाना क्षेत्र के बसौली गांव में देखने को मिला। ऊंचगांव निवासी 25 वर्षीय रोहित की तालाब में डूबकर मौत हो गई। यह हादसा उस समय हुआ जब वह अपने भाई मोहित और दोस्तों संग बसौली माता मंदिर के बगल स्थित तालाब में स्नान करने गया था।
बताया जा रहा है कि स्नान के दौरान रोहित गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। साथ मौजूद दोस्तों ने जब उसे बाहर नहीं देखा, तो घबराकर गांव वालों को सूचना दी। मौके पर पहुंचे पूर्व ग्राम प्रधान प्रमोद सिंह ने स्थानीय युवकों के साथ उसे खोजने की भरसक कोशिश की, लेकिन कोई सुराग नहीं लगा।
स्थिति बिगड़ती देख पुलिस को सूचना दी गई, जिसके बाद पिलकिछा से गोताखोरों की टीम बुलाई गई। करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद दोपहर 12 बजे रोहित का शव तालाब से बाहर निकाला गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है।
इस हृदयविदारक घटना की खबर जैसे ही रोहित के घर पहुंची, वहां कोहराम मच गया। मां-बाप और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है, हर आंख नम है और हर दिल सवाल कर रहा है—क्यों एक होनहार युवक की जिंदगी यूं पानी में समा गई?
गौरतलब है कि बसौली धाम का यह तालाब अक्सर युवाओं के स्नान और मस्ती का केंद्र रहा है, लेकिन सुरक्षा के नाम पर कोई पुख्ता इंतजाम नहीं हैं। स्थानीय लोगों की मांग है कि प्रशासन अब इस तालाब पर सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाए, जिससे ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।






