उत्तर प्रदेशप्रतापगढ़

रिटायर्ड सैनिक को अज्ञात वाहन ने मारी टक्कर, मौत

जन एक्सप्रेस प्रतापगढ़:जिले में बुधवार रात लगभग साढ़े आठ बजे प्रयागराज-अयोध्या राजमार्ग पर हुए सड़क हादसे में रिटायर्ड सैनिक की मौत।मिली जानकारी के अनुसार कोहड़ौर थाना इलाके के शिवपुर गांव निवासी नीलमणि तिवारी ( 49 वर्ष ) सेना से सेवानिवृत्त होने के बाद अमेठी जनपद के त्रिशुण्डी में स्थित गैस प्लांट पर गार्ड की नौकरी करते थे। बुधवार रात लगभग साढ़े आठ बजे वो ड्यूटी के बाद वापस घर आ रहे थे। जैसे ही कोहड़ौर थाना इलाके के स्टेशन मोड़ के समीप पहुंचे ही थे कि पीछे से आ रहे किसी अज्ञात वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि वो बाइक समेत दूर जा गिरे और गम्भीर रूप से घायल हो गए। मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई। इस दौरान वहां मौजूद लोगों ने कोहड़ौर पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही एसओ कोहड़ौर धनन्जय राय पुलिस बल के साथ तुरन्त मौके पर पहुंचे। एम्बुलेंस के जरिये घायल को सीएचसी कोहड़ौर लाया। जहां पर सीएचसी अधीक्षक देवेंद्र सिंह ने नीलमणि को मृत घोषित कर दिया। जानकारी होते ही परिजन रोते बिलखते सीएचसी कोहड़ौर पहुंचे। पुलिस ने पंचनामा भरने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना के बाद वाहन चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। कोहड़ौर पुलिस द्वारा सीसीटीवी फुटेज के जरिये अज्ञात वाहन की तलाश करने के साथ ही विधिक कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button