UP Breaking NewsUP POLICEUPPOLICEउत्तर प्रदेशराज्य खबरेंहरदोई

हरदोई में डबल मर्डर से सनसनी, 300 मीटर दूर मिले दो युवकों के शव; IG किरण एस. मौके पर पहुंचे

जन एक्सप्रेस/हरदोई। हरदोई के संडीला कोतवाली क्षेत्र के आटामऊ गांव में गुरुवार सुबह दो युवकों के रक्तरंजित शव मिलने से सनसनी फैल गई। दोनों शव निर्माणाधीन पानी की टंकी से करीब 300 मीटर दूर एक अधबनी पुरानी इमारत के पास मिले। युवकों के सिर और चेहरे पर धारदार हथियार से कई वार किए जाने के निशान मिले हैं।

दोहरे हत्याकांड की सूचना मिलते ही लखनऊ जोन के आईजी किरण एस. मौके पर पहुंचे। उनके साथ एसपी अशोक कुमार मीणा, एएसपी सुबोध गौतम, फोरेंसिक टीम और कई थानों की पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। आईजी ने अधिकारियों को जल्द से जल्द घटना का खुलासा करने के निर्देश दिए।

पानी की टंकी पर कर रहे थे काम

पुलिस के अनुसार मृतकों की पहचान लखनऊ के फैजुल्लागंज निवासी अभिषेक उर्फ बबलू और कछौना थाना क्षेत्र के रैंसो गांव निवासी अरुण चौरसिया के रूप में हुई है। दोनों आपस में रिश्तेदार थे और आटामऊ गांव में निर्माणाधीन पानी की टंकी के काम से जुड़े हुए थे।

अरुण पिकअप वाहन चलाता था, जबकि अभिषेक करीब एक सप्ताह पहले ही वहां काम करने आया था। बुधवार को दोनों अपने-अपने वाहनों से काम के लिए निकले थे। घटनास्थल के पास अरुण की पिकअप और अभिषेक की बाइक सड़क किनारे खड़ी मिलीं, जबकि कुछ दूरी पर दोनों के शव पड़े थे।

आपराधिक इतिहास भी सामने आया

प्रारंभिक पुलिस जांच में अभिषेक का आपराधिक इतिहास सामने आया है। उसके खिलाफ लखनऊ के हसनगंज थाने में लूट, आबकारी और गैंगस्टर एक्ट समेत कई मुकदमे दर्ज होने की जानकारी पुलिस को मिली है।

फिलहाल पुलिस इस पहलू के साथ-साथ पुरानी रंजिश, आपराधिक गतिविधियों, लेनदेन और अन्य संभावित कारणों को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है।

फोरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य

मौके पर पहुंची फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से कई अहम साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

एसपी के निर्देश पर मामले के खुलासे के लिए तीन विशेष पुलिस टीमें गठित की गई हैं। टीमें संदिग्धों और घटना से जुड़े संभावित लोगों से पूछताछ कर रही हैं।

आईजी किरण एस. ने बताया कि पुलिस को जांच के दौरान कुछ अहम इनपुट मिले हैं। उन्होंने जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी कर घटना का खुलासा किए जाने की बात कही है।

फिलहाल इस दोहरे हत्याकांड के पीछे की वजह और वारदात में शामिल आरोपियों का पता लगाने के लिए पुलिस की जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button