सर्व कर्मचारी संघ ने निकाय मंत्री के कैंप कार्यालय पर किया प्रदर्शन

हिसार । सर्व कर्मचारी संघ हरियाणा के ब्लॉक हिसार कमेटी की ओर से जवाब दो हिसाब दो कार्यक्रम के तहत कर्मचारियों ने शनिवार को विधायक एवं मंत्री डा. कमल गुप्ता के कैंप कार्यालय पर प्रदर्शन किया। उन्होंने मंत्री से अपने मांग पत्र पर जवाब मांगा, लेकिन निकाय मंत्री अपने कैंप कार्यालय में नहीं मिले, जिसको लेकर कर्मचारियों ने रोष प्रकट किया और मंत्री के व्यवहार की कड़ी निंदा की।
प्रदर्शन की अध्यक्षता सर्व कर्मचारी संघ के ब्लॉक हिसार के प्रधान ओमप्रकाश माल ने जबकि संचालन ब्लॉक सचिव विनोद प्रभाकर ने किया। इससे पूर्व सर्व कर्मचारी संघ हरियाणा से संबंधित विभागीय यूनियनों के कर्मचारी जम्भेश्वर मार्केट परिजात चौक पर एकत्रित हुए और वहां से प्रदर्शन करते हुए निकाय मंत्री डा. कमल गुप्ता के मलिक चौक स्थित कैम्प कार्यालय पर पहुंचे।
प्रदर्शनकारी कर्मचारियों को संबोधित करते हुए सर्व कर्मचारी संघ के जिला प्रधान सुरेंद्र यादव, हेमसा के राज्य प्रधान हितेंद्र सिहाग व अन्य कर्मचारी नेताओं ने बताया कि सरकार आम जनता को राहत देने की बजाय लगातार सरकार महकमों को निजीकरण कर रही है। आबादी के अनुसार नए पदों को सृजित करने की बजाय हरियाणा कौशल रोजगार निगम के तहत कच्ची नौकरी देकर युवाओं का शोषण किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों और आम जनता को बांटने का कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने कर्मचारी विरोधी होने का प्रमाण जारी करते हुए पत्र जारी करते हुए आठवां वेतन आयोग जारी करने से मना कर दिया, जिसका आने वाले समय में सरकार का कर्मचारी विरोध करेंगे।
मंत्री के आवास पर प्रदर्शन के दौरान तमाम कर्मचारियों ने हरियाणा मिनिस्ट्रियल स्टॉफ एसोसिएशन की 35400 वेतनमान लागू करने की मांग पर सरकार की संवेदनहीनता पर रोष जताया और 12 जुलाई से जारी आंदोलन और हड़ताल का समर्थन किया। कर्मचारी नेताओं ने बताया कि जवाब दो हिसाब दो कार्यक्रम के अगले चरण में सभी जिला पार्षदों, नगर निगम, नगर परिषद व नगर पालिका पार्षदों से समर्थन मांगेंगे और जनता के बीच जाकर सरकार की जनता विरोधी नीतियों का पर्दाफाश करेंगे।






