utrakhandउत्तरकाशी

उत्तरकाशी में सेवा पखवाड़ा का शुभारंभ किसानों, महिलाओं और दिव्यांगों को लाखों रुपये की सहायता

जन एक्सप्रेस /उत्तरकाशी :-  उत्तराखंड सरकार के ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ अभियान के तहत शनिवार को उत्तरकाशी के कलेक्ट्रेट परिसर में ‘सेवा, सुशासन और समर्पण’ सेवा पखवाड़ा का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन प्रदेश के कैबिनेट मंत्री एवं जनपद प्रभारी सौरभ बहुगुणा ने रिबन काटकर और दीप प्रज्ज्वलित कर किया।

कार्यक्रम में कृषि, उद्यान, स्वास्थ्य, महिला कल्याण, समाज कल्याण सहित विभिन्न विभागों ने अपने-अपने स्टॉल लगाए। कैबिनेट मंत्री ने स्टॉलों का निरीक्षण कर योजनाओं की प्रगति की जानकारी ली और अधिकारियों को यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए कि सरकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे।

सरकार की उपलब्धियां गिनाईं

अपने संबोधन में सौरभ बहुगुणा ने कहा कि प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री के नेतृत्व में उत्तराखंड ने विकास के नए आयाम स्थापित किए हैं। उन्होंने कहा कि राज्य में समान नागरिक संहिता (UCC) लागू की गई, युवाओं के हित में देश का सख्त नकल विरोधी कानून बनाया गया और सरकारी संपत्ति की सुरक्षा के लिए दंगा विरोधी कानून लागू किया गया।

उन्होंने बताया कि उत्तराखंड ने पहली बार राष्ट्रीय खेलों (National Games) की मेजबानी की, खिलाड़ियों को सरकारी नौकरियों में 4 प्रतिशत आरक्षण दिया गया तथा महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण के साथ दो लाख से अधिक महिलाओं को लखपति दीदी बनाकर आत्मनिर्भर बनाया गया। उन्होंने चारधाम यात्रा में रिकॉर्ड बढ़ोतरी का भी उल्लेख किया।

क्षेत्र में विकास परियोजनाओं की जानकारी

गंगोत्री विधायक सुरेश चौहान ने बताया कि क्षेत्र में 23 करोड़ रुपये की लागत से क्रिटिकल केयर अस्पताल, 113 करोड़ रुपये से आस्था पथ तथा एक अरब रुपये से अधिक की सड़क परियोजनाओं पर कार्य चल रहा है। उन्होंने बताया कि 15 नई सड़कों की डीपीआर भी तैयार कर ली गई है।

लाभार्थियों को मौके पर मिली आर्थिक सहायता

कार्यक्रम के दौरान विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को आर्थिक सहायता और उपकरण वितरित किए गए।

  • कीवी-एप्पल मिशन के तहत 2 प्रगतिशील किसानों को 6 लाख रुपये से अधिक की सहायता।
  • मत्स्य एवं कृषि विभाग के 7 किसानों को 13 लाख रुपये से अधिक के चेक वितरित किए गए।
  • रीप (REAP) योजना के अंतर्गत 4 महिलाओं को गाय पालन एवं स्वरोजगार के लिए 35-35 हजार रुपये तथा 2 अन्य महिलाओं को 75-75 हजार रुपये की सहायता दी गई।
  • समाज कल्याण विभाग की ओर से 19 दिव्यांगजनों को छड़ी, श्रवण यंत्र और अन्य सहायक उपकरण प्रदान किए गए।

कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष रमेश चौहान, जिलाधिकारी प्रशांत आर्य, नगर पालिका अध्यक्ष भूपेंद्र चौहान, भाजपा जिलाध्यक्ष नागेंद्र चौहान, मुख्य विकास अधिकारी जय भारत सिंह, अपर जिलाधिकारी मुक्ता मिश्र सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी और स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन पर्यावरण विशेषज्ञ स्वजल प्रताप मटूड़ा ने किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button