देश

राहुल गांधी के समर्थन में कांग्रेस का मौन सत्याग्रह

जयपुर । कांग्रेस नेता राहुल गांधी के समर्थन में राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी की ओर से बुधवार को जयपुर के शहीद स्मारक पर मौन सत्याग्रह का आयोजन किया गया। सुबह दस बजे से सायं पांच बजे तक आयोजित इस मौन सत्याग्रह में राजस्थान प्रभारी सुखजिन्दर सिंह रंधावा, प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष गोविन्द सिंह डोटासरा, एआईसीसी सचिव व सहप्रभारी अमृता धवन, पूर्व उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट, एआईसीसी व पीसीसी सदस्य, प्रदेश कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारी, लोकसभा चुनाव एवं विधानसभा चुनाव में रहे पार्टी प्रत्याशी, जिला एवं ब्लॉक कांग्रेस कमेटियों के अध्यक्ष, बोर्ड-निगम के अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष, अग्रिम संगठनों, विभागों व प्रकोष्ठों के पदाधिकारी, नगर निकाय के अध्यक्ष, जिला प्रमुख, प्रधान, नगर कांग्रेस एवं मण्डल कांग्रेस अध्यक्ष प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।

इस अवसर पर प्रदेश प्रभारी रंधावा, प्रदेशाध्यक्ष डोटासरा और पूर्व उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि राहुल गांधी को भगवान और अदालत से इंसाफ मिलेगा। रंधावा ने कहा कि कांग्रेस हमेशा ही इंसाफ की गुहार लगाती है। पहले हम भगवान से मांगते हैं, दूसरी बार हम अदालत से इंसाफ मांगते हैं। राहुल गांधी को भगवान से और अदालत से जरूर इंसाफ मिलेगा। अवमानना के मामले में पहली बार किसी को इतनी बड़ी सजा दी गई है। पंजाब में तो हमारे बहुत चलता रहता है। केजरीवाल ने क्या-क्या नहीं बोल दिया। जिस तरह की सजा राहुल गांधी को दी गई है, वह न किसी को मिली और न मिलेगी। यह देश की जनता बर्दाश्त नहीं करेगी। हिमाचल प्रदेश और कर्नाटक में राहुल गांधी की जुबान बंद करने का रिजल्ट देख लिया।

सत्याग्रह में शामिल सचिन पायलट ने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा एजेंसियों का दुरुपयोग किया जा रहा है। लोकतंत्र के लिए यह अच्छा नहीं है। राहुल गांधी ने लोकतंत्र, अहिंसा, प्यार की बात की है, इसलिए उनको टारगेट किया जा रहा है। हम जनता के बीच जायेंगे। अंत में जीत लोकतंत्र की होगी। हम मिलकर चुनाव लड़ेंगे, हम इस बार परिपाटी तोड़कर कांग्रेस की सरकार बनाएंगे। अपने द्वारा उठाए गए मुद्दों को लेकर सचिन ने कहा कि मेरी तीनों मांगे मान ली गई हैं। पेपर लीक पर मेरे उठाए गए मुद्दों पर पार्टी और सरकार में सहमति है। सरकार जल्द ही एक कानून लाएगी, ताकि लोगों पर कार्रवाई हो। मैंने पेपर लीक और आरपीएससी के मेंबर्स की नियुक्ति पर बात रखी थी।

कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने भाजपा और केंद्र की आलोचना करते हुए कहा कि हम तो गांधी जी की विचारधारा को मानने वाले लोग हैं। राहुल गांधी की इमेज तो बन चुकी है। अब तो लोग आंदोलन कर रहे हैं। राहुल गांधी ने ऐसा क्या बोल दिया, जो उन्हें ससंद से अयोग्य ठहरा दिया। प्रधानमंत्री मोदी और बीजेपी के नेता तो पता नहीं क्या क्या बोलते रहते हैं। मोदी ने राजस्थान की सरकार को लूट खसोट की सरकार बता दिया, खुद कुछ भी कहें और राहुल गांधी ने इतना बोल दिया तो मुकदमा कर दिया, सदस्यता खत्म करवा दी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button