कृषक गोष्ठी में चीनी मिल महाप्रबंधक ने गन्ना उत्पादन बढ़ाने के दिए टिप्स

जन एक्सप्रेस / हरदोई : डीसीएम श्रीराम शुगर यूनिट रूपापुर द्वारा गुरुवार को एक विशाल मेगा कृषक गोष्ठी का आयोजन किया गया, जिसमें 31 गांवों से आए लगभग 150 प्रगतिशील किसानों ने भाग लिया। कार्यक्रम का उद्देश्य किसानों को वैज्ञानिक गन्ना खेती की आधुनिक तकनीकों की जानकारी देकर प्रति हेक्टेयर अधिक उत्पादन प्राप्त करने के लिए प्रेरित करना था।
गोष्ठी में इकाई प्रमुख संजीव तोमर, गन्ना प्रमुख अतीउल्ला सिद्दीकी, सावरकर सिंह एवं अंजलि कुमारी उपाध्याय ने किसानों को संबोधित किया। उन्होंने आधुनिक कृषि तकनीकों, उन्नत फसल प्रबंधन और उत्पादन बढ़ाने के प्रभावी उपायों पर विस्तार से प्रकाश डाला।
विशेषज्ञों ने किसानों को समय पर बुवाई, संतुलित उर्वरक प्रबंधन, फसल अमृत का प्रयोग, सीटीपीआर, मिट्टी चढ़ाना, पर्णीय पोषण (फोलियर स्प्रे), ढैंचा बुवाई, अंतरवर्ती कृषि क्रियाएं, सिंचाई प्रबंधन तथा प्रॉपिंग जैसी तकनीकों को अपनाने की सलाह दी। उन्होंने बताया कि इन वैज्ञानिक विधियों से गन्ने की उत्पादकता में उल्लेखनीय वृद्धि की जा सकती है।
कार्यक्रम के दौरान बताया गया कि अनुशंसित कृषि तकनीकों को समयबद्ध ढंग से अपनाकर तथा फसल की नियमित निगरानी करके किसान 1200 क्विंटल प्रति हेक्टेयर से अधिक गन्ना उत्पादन प्राप्त कर सकते हैं। साथ ही लागत कम कर अधिक लाभ अर्जित करने के व्यावहारिक सुझाव भी साझा किए गए।
गोष्ठी में उच्च उत्पादन देने वाले खेतों के उदाहरण प्रस्तुत कर किसानों को प्रेरित किया गया। किसानों ने विशेषज्ञों से विभिन्न कृषि संबंधी प्रश्न पूछे, जिनका संतोषजनक समाधान किया गया।
कार्यक्रम के समापन पर महाप्रबंधक संजीव तोमर ने “सुख-समृद्धि का संकल्प, अधिक उपज ही एक विकल्प” का संदेश देते हुए किसानों से वैज्ञानिक खेती अपनाने का आह्वान किया। किसानों ने भी आधुनिक तकनीकों को अपनाकर क्षेत्र में गन्ना उत्पादकता बढ़ाने का संकल्प लिया।
आयोजकों के अनुसार, इस प्रकार की कृषक गोष्ठियां किसानों को वैज्ञानिक खेती के प्रति जागरूक बनाने और उनकी आय बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं।






