भालू की सक्रियता से अलर्ट हुआ वन विभाग, 18 सदस्यीय टीम गठित

जन एक्सप्रेस रुद्रप्रयाग | उत्तरी जखोली रेंज अंतर्गत धरियांज एवं थाती-बड़मा क्षेत्र में भालू की सक्रियता को देखते हुए वन विभाग ने सतर्कता बढ़ा दी है। रेंज अधिकारी उत्तरी जखोली सुरेन्द्र सिंह के नेतृत्व में 18 सदस्यीय विशेष टीम का गठन किया गया है, जो लगातार क्षेत्र में गश्त और निगरानी कर रही है।वन विभाग की टीम द्वारा ग्राम सभा धरियांज, थाती-बड़मा एवं मुन्ना देवल में ग्रामीणों के साथ बैठक कर भालू से बचाव को लेकर जागरूक किया गया। महिलाओं को घास लेने के लिए अकेले जंगल न जाने की हिदायत दी गई है तथा आवश्यकता पड़ने पर समूह में जाने की अपील की गई है।
स्कूलों में बच्चों को दी गई सुरक्षा संबंधी जानकारी
टीम द्वारा राजकीय इंटर कॉलेज सिदसौड़ एवं राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय दिकधार में छात्रों और शिक्षकों से संवाद कर वन्यजीवों से सतर्क रहने के उपाय बताए गए। बच्चों को स्कूल आने-जाने के दौरान समूह में रहने की सलाह दी गई। सुरक्षा के मद्देनजर किरोड़ा से सिदसौड़ तक बच्चों को वन विभाग के वाहन से स्कूल पहुंचाया गया।
ड्रोन और कैमरा ट्रैप से हो रही निगरानी
प्रभागीय वनाधिकारी रुद्रप्रयाग रजत सुमन ने बताया कि भालू की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए ड्रोन कैमरे और 10 कैमरा ट्रैप लगाए गए हैं। वन विभाग की टीमें दिन और रात दोनों समय लगातार गश्त कर रही हैं।प्रभागीय वनाधिकारी ने आमजन से अपील की है कि घरों के आसपास की झाड़ियों को साफ रखें, घरेलू कचरा खुले में न फेंकें, घरों के आसपास पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था रखें और पूरी तरह सतर्क रहें।






