उत्तर प्रदेशटॉप न्यूज़ट्रेंडिंगलखनऊ

उत्तर प्रदेश में परिवहन सेवाओं का डिजिटल विस्तार

व्हाट्सएप चैटबॉट से 24x7 मिलेगी वाहन और लाइसेंस से जुड़ी जानकारी

जन एक्सप्रेस लखनऊ। उत्तर प्रदेश सरकार के परिवहन विभाग ने आम नागरिकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए एक नई डिजिटल पहल की शुरुआत की है। अब राज्य के नागरिक व्हाट्सएप के माध्यम से परिवहन विभाग की अधिकांश सेवाएं घर बैठे प्राप्त कर सकेंगे। इसके लिए विभाग ने आधिकारिक व्हाट्सएप नंबर 8005441222 जारी किया है। इस नंबर पर केवल “Hi” भेजने से चैटबॉट सेवा शुरू हो जाती है, जो चौबीसों घंटे उपलब्ध है।इस चैटबॉट सेवा के माध्यम से उपयोगकर्ता वाहन पंजीकरण, ड्राइविंग लाइसेंस, चालान, स्वामित्व हस्तांतरण, रोड टैक्स, आवेदन की स्थिति ट्रैकिंग और कानूनी जानकारी जैसी सेवाएं प्राप्त कर सकते हैं। परिवहन विभाग का यह कदम मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और परिवहन मंत्री की ई-गवर्नेंस नीति के अनुरूप है, जो प्रशासन को तकनीक के माध्यम से अधिक पारदर्शी और उत्तरदायी बनाना चाहते हैं।परिवहन आयुक्त के अनुसार, “यह सेवा नागरिकों को आसान, तेज और पारदर्शी तरीके से परिवहन सेवाएं उपलब्ध कराती है। इससे विभाग और जनता के बीच की दूरी कम होगी और जवाबदेही भी बढ़ेगी।”

स्थानीय लोगों ने की सराहना, आरटीओ ऑफिस पर घटेगा दबाव

लखनऊ के स्थानीय नागरिकों ने इस सेवा का स्वागत किया है। शारदा नगर निवासी रिंकू यादव ने कहा, “अब ड्राइविंग लाइसेंस की स्थिति जानने के लिए आरटीओ के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। व्हाट्सएप पर सबकुछ आसानी से मिल रहा है।” आलमबाग के व्यवसायी मोहम्मद शरीफ ने कहा, “सरकार का यह कदम समय और धन की बचत करेगा।”आरटीओ लखनऊ के एक अधिकारी ने बताया कि इस डिजिटल सुविधा से दफ्तरों में अनावश्यक भीड़ कम होगी, जिससे स्टाफ वास्तविक जरूरतमंदों को बेहतर सेवा दे सकेगा।

कैसे करें उपयोग?

1. मोबाइल में 8005441222 नंबर सेव करें

2. व्हाट्सएप पर “Hi” भेजें

3. सेवा तुरंत आरंभ हो जाएगी

यह पहल उत्तर प्रदेश में तकनीक-संवर्धित नागरिक सेवाओं की दिशा में एक बड़ी छलांग मानी जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button