
जन एक्सप्रेस हरिद्वार। गायत्री तीर्थ शांतिकुंज, हरिद्वार द्वारा आगामी 26 जनवरी को आयोजित होने वाले जन्मशताब्दी समारोह की तैयारियाँ पूरे जोर-शोर से चल रही हैं। दिव्य अखण्ड दीपक की शताब्दी तथा परम वंदनीया माताजी के जन्म-शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में होने वाले इस अंतर्राष्ट्रीय आयोजन को सफल बनाने के लिए जहाँ एक ओर सैकड़ों स्वयंसेवी कार्यकर्ता तन-मन-धन से समारोह स्थल में जुटे हैं, वहीं दूसरी ओर अखिल विश्व गायत्री परिवार के युवा प्रतिनिधि डॉ. चिन्मय पण्ड्या प्रशासनिक स्तर पर जनसंपर्क अभियान चला रहे हैं। अभियान के इसी क्रम में युवा प्रतिनिधि डॉ. पण्ड्या ने नई दिल्ली में देश के कई प्रमुख केन्द्रीय मंत्रियों से शिष्टाचार भेंट की। उन्होंने केन्द्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण, केन्द्रीय कार्मिक, लोक शिकायत एवं पेंशन राज्य मंत्री डॉ. जितेन्द्र सिंह, केंद्रीय रेल राज्य मंत्री विरनन्ना सोमन्ना तथा केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत से मुलाकात की। भेंट के दौरान उन्होंने मंत्रियों को शांतिकुंज, हरिद्वार में आयोजित होने वाले जन्मशताब्दी समारोह तथा आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा से अवगत कराया और उन्हें कार्यक्रम में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया।चर्चा के दौरान युवा प्रतिनिधि डॉ. चिन्मय पण्ड्या ने बताया कि यह आयोजन धार्मिक अनुष्ठान के साथ ही इसका उद्देश्य विश्वभर के युवाओं में मूल्य-आधारित नेतृत्व, वैज्ञानिक आध्यात्मिकता, तथा सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना को सशक्त बनाना है। उन्होंने कहा कि परम वंदनीया माताजी के जन्म-शताब्दी वर्ष पर होने वाला यह कार्यक्रम आध्यात्मिक दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण है और इसका सकारात्मक प्रभाव देश-विदेश के लाखों लोगों पर पड़ेगा। भेंट के अंत में युवा प्रतिनिधि डॉ. पण्ड्या ने माननीय मंत्रियों को माँ गायत्री का चित्र, पवित्र गंगाजल का कलश, पूज्य गुरुदेव के साहित्य और हस्तनिर्मित जूट बैग भेंट स्वरूप प्रदान किए। मंत्रियों ने कार्यक्रम के आध्यात्मिक और सामाजिक महत्व की सराहना की तथा अपनी शुभकामनाएँ प्रेषित कीं।






