utrakhandउत्तरकाशीटिहरी

टिहरी पुलिस ने उपनिरीक्षक विनोद शर्मा को दी भावभीनी श्रद्धांजलि, सड़क दुर्घटना में हुआ था निधन

जन एक्सप्रेस/नई टिहरी टिहरी पुलिस परिवार ने समर्पित, कर्मठ एवं कर्तव्यनिष्ठ उपनिरीक्षक विनोद शर्मा के असमय निधन पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर आयोजित शोक सभा में पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने दिवंगत अधिकारी के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।

शोक सभा में वक्ताओं ने विनोद शर्मा को अनुशासित, ईमानदार और कर्तव्यनिष्ठ पुलिस अधिकारी बताया। उनका जन्म 2 अगस्त 1978 को हुआ था। भारतीय सेना में गौरवपूर्ण सेवाएं देने के बाद वर्ष 2016 में उन्होंने उत्तराखंड पुलिस में उपनिरीक्षक के रूप में नियुक्ति प्राप्त की।

वर्ष 2017 से लगातार टिहरी जनपद में तैनात रहते हुए उन्होंने जनसेवा, कानून-व्यवस्था बनाए रखने और पुलिस दायित्वों के निर्वहन में महत्वपूर्ण योगदान दिया। अपने सरल स्वभाव, अनुशासन और सहयोगी व्यवहार के कारण वे सहकर्मियों एवं आमजन के बीच सम्मानित रहे। उत्कृष्ट सेवाओं के लिए उन्हें वर्ष 2023 में सराहनीय सेवा सम्मान चिन्ह से भी सम्मानित किया गया था।

23 जून को कर्तव्य निर्वहन के दौरान हुई एक दुखद सड़क दुर्घटना में उनका आकस्मिक निधन हो गया। इस घटना को टिहरी पुलिस परिवार ने विभाग के लिए अपूरणीय क्षति बताया।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्वेता चौबे सहित समस्त टिहरी पुलिस परिवार ने दिवंगत आत्मा को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए शोक संतप्त परिवार के प्रति गहरी संवेदनाएं व्यक्त कीं तथा ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति एवं परिजनों को इस कठिन समय में संबल प्रदान करने की प्रार्थना की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button