
जन एक्सप्रेस / नई टिहरी: वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्वेता चौबे के निर्देश पर चलाए जा रहे ‘नशा मुक्त भारत पखवाड़ा अभियान’ के तहत टिहरी गढ़वाल जनपद में व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। अभियान का उद्देश्य युवाओं, विद्यार्थियों और आम नागरिकों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक कर नशामुक्त समाज के निर्माण में उनकी भागीदारी सुनिश्चित करना है।
अभियान के तहत कोतवाली नरेंद्र नगर पुलिस ने नरेंद्र नगर से आगरा खाल तक लगभग 12 किलोमीटर (16,449 कदम) की जनजागरूकता पदयात्रा निकाली। इस दौरान हिंडोलाखाल, दुवाधार और आगरा खाल क्षेत्र में स्थानीय लोगों को शराब, मादक पदार्थों और अन्य नशीले पदार्थों के सेवन से होने वाले शारीरिक, मानसिक, सामाजिक और आर्थिक दुष्परिणामों की जानकारी दी गई। साथ ही स्वस्थ एवं सकारात्मक जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया गया।
इसी क्रम में थाना थत्यूड़ पुलिस द्वारा जौनपुर ब्लॉक सभागार में आयोजित जागरूकता कार्यक्रम में करीब 160 लोगों ने भाग लिया। कार्यक्रम में नशे के दुष्प्रभावों पर विस्तार से चर्चा की गई और समाज को नशामुक्त बनाने का आह्वान किया गया।
वहीं कोतवाली कीर्तिनगर क्षेत्र के सैजो स्कूल में छात्र-छात्राओं के लिए विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। पुलिस अधिकारियों ने विद्यार्थियों को नशे से दूर रहने, स्वस्थ जीवनशैली अपनाने तथा समाज में नशामुक्ति का संदेश फैलाने के लिए प्रेरित किया।
थाना छाम क्षेत्र के अंतर्गत विकासखंड जौनपुर के हवलदार ब्लॉक में आयोजित बहुउद्देशीय शिविर में टिहरी पुलिस ने जनजागरूकता स्टॉल लगाकर लगभग 400 से 500 ग्रामीणों, महिलाओं और युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों तथा नशामुक्त जीवन के महत्व के बारे में जानकारी दी। पुलिस टीम ने मादक पदार्थों से होने वाले शारीरिक, मानसिक, सामाजिक और आर्थिक नुकसान के साथ-साथ उनसे बचाव के उपाय भी बताए।
सभी कार्यक्रमों के दौरान उपस्थित नागरिकों, जनप्रतिनिधियों, विद्यार्थियों और युवाओं को नशामुक्ति की शपथ दिलाई गई। साथ ही लोगों से अपील की गई कि यदि कहीं भी मादक पदार्थों की तस्करी, बिक्री या अन्य अवैध गतिविधियों की जानकारी मिले तो इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि दोषियों के खिलाफ प्रभावी कानूनी कार्रवाई की जा सके।
इस अवसर पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्वेता चौबे ने कहा कि “नशे के विरुद्ध लड़ाई केवल पुलिस की नहीं, बल्कि पूरे समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। जागरूकता, जनसहभागिता और जनसहयोग के माध्यम से ही नशामुक्त टिहरी और नशामुक्त भारत के लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है।”
कार्यक्रम में क्षेत्राधिकारी नरेंद्र नगर सुरेंद्र सिंह भंडारी, प्रभारी निरीक्षक देवराज शर्मा, वरिष्ठ उपनिरीक्षक सत्येंद्र भंडारी, चौकी प्रभारी आगरा खाल उपनिरीक्षक आमिर खान, महिला उपनिरीक्षक दीपिका तिवारी सहित पुलिस एवं फायर सर्विस के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।






