उत्तर प्रदेशराज्य खबरेंहरदोई

हरदोई में आकाशीय बिजली का कहर: किसान अवधेश सिंह की मौत

जन एक्सप्रेस/हरदोई: हरदोई जनपद के अरवल थाना क्षेत्र में दर्दनाक हादसा सामने आया है। खेत पर काम कर रहे किसान की आकाशीय बिजली गिरने से मौत हो गई, जबकि उसके दो मासूम बेटे गंभीर रूप से झुलस गए।

जानकारी के अनुसार खैरुद्दीनपुर राजा साहब गांव निवासी अवधेश सिंह (45) रविवार सुबह अपने बेटों शोभित (11) और अमन (8) के साथ खेत पर गए थे। सुबह करीब 11 बजे वे खेत में खुदी पड़ी आलू की फसल को बारिश से बचाने के लिए पन्नी ढक रहे थे, तभी अचानक तेज गर्जना के साथ आकाशीय बिजली गिर गई।

बिजली गिरने से तीनों गंभीर रूप से झुलस गए। परिजन उन्हें तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र हरपालपुर लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने अवधेश सिंह को मृत घोषित कर दिया, जबकि दोनों बेटों का इलाज जारी है।

मृतक के पिता रामसिंह ने बताया कि अवधेश परिवार का मुख्य सहारा था। परिवार में पत्नी स्नेहलता और छह बेटे हैं। हादसे के बाद पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है। प्रभारी निरीक्षक वीरेंद्र कुमार पंकज ने बताया कि पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button