
जन एक्सप्रेस/ पुरोला: उप जिला चिकित्सालय पुरोला के प्रभारी एवं एमडी फिजिशियन डॉ. मनोज असवाल के स्थानांतरण आदेश के विरोध में मंगलवार को व्यापार मंडल और स्थानीय लोगों ने उपजिलाधिकारी मुकेश रमोला के माध्यम से प्रभारी मंत्री सौरभ बहुगुणा को ज्ञापन सौंपकर तबादला निरस्त करने की मांग की।
व्यापार मंडल अध्यक्ष अंकित पंवार के नेतृत्व में दिए गए ज्ञापन में कहा गया कि डॉ. मनोज असवाल के कार्यकाल में उप जिला चिकित्सालय पुरोला की स्वास्थ्य सेवाओं में उल्लेखनीय सुधार हुआ है। सीमित संसाधनों और पर्वतीय क्षेत्र की कठिन परिस्थितियों के बावजूद उन्होंने निस्वार्थ भाव से मरीजों की सेवा कर क्षेत्र की जनता का विश्वास हासिल किया है।
ज्ञापन में कहा गया कि दूरस्थ और ग्रामीण क्षेत्रों के अधिकांश मरीज बेहतर उपचार के लिए डॉ. असवाल पर निर्भर हैं। ऐसे में उनका स्थानांतरण केवल एक चिकित्सक का तबादला नहीं, बल्कि पूरे क्षेत्र की स्वास्थ्य व्यवस्था और हजारों लोगों की उम्मीदों से जुड़ा विषय है।
व्यापार मंडल और स्थानीय नागरिकों ने मांग की कि पर्वतीय क्षेत्र की भौगोलिक परिस्थितियों और जनहित को देखते हुए डॉ. मनोज असवाल के स्थानांतरण आदेश को तत्काल प्रभाव से निरस्त किया जाए।
ज्ञापन में यह भी कहा गया कि यदि सरकार ने इस मांग पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया तो क्षेत्र की जनता, व्यापारी वर्ग, सामाजिक संगठन और जनप्रतिनिधि लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे, जिसकी जिम्मेदारी शासन और प्रशासन की होगी।
ज्ञापन सौंपने वालों में व्यापार मंडल अध्यक्ष अंकित पंवार, रामचंद्र पंवार, बलदेव रावत, सरदार सिंह रावत, अमीचंद शाह, गोबिंदराम नोटियाल, बिरजमोहन चौहान, उपेंद्र असवाल, राजेश भंडारी, सोनू कपूर, टीपीएस भंडारी, चतर सिंह चौहान, नवीन गैरोला, गोपाल चौहान, भुवनेश उनियाल सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।






